कोलकाता,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के शांति निकेतन में विश्व भारती विश्वविद्यालय के 49 वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छात्रों से कहा कि मैं परंपरा को निभाने के लिए यहां आया हूं। मैं यहां का अतिथि नहीं आचार्य हूं। सबसे पहले तो यहां का चांसलर होने के नाते मैं आपसे एक बात की माफी मांगना चाहता हूं। जब मैं यहां आ रहा था, तो मैंने कुछ छात्रों को इशारों में बात करते हुए देखा। वह मुझसे कह रहे थे कि यहां पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। मैं इस असुविधा के लिए आपसे माफी मांगता हूं। बता दें कि मोदी भारत और बांग्लादेश के सांस्कृतिक संबंधों के प्रतीक ‘बांग्लादेश भवन’ का उद्घाटन भी करेंगे। इस मौके पर बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी भारत आई हैं। हसीन भी शांति निकेतन में इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। इससे पहले बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। मोदी और हसीना के अलावा समारोह में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केएन त्रिपाठी और ममता बनर्जी भी शामिल होंगी। कुलपति के मुताबिक पिछले चार दशकों में पहली बार राज्य का कोई मुख्यमंत्री दीक्षांत समारोह में शामिल होगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल का दौरा पूरा करने के बाद पीएम मोदी आज ही झारखंड का भी दौरा करेंगे। पीएम झारखंड के सिंदरी और रांची जाएंगे। इस दौरान वे झारखंड को 27,212 करोड़ रुपए की सौगात देंगे। पीएम सिंदरी खाद कारखाना शुरू करने के अलावा अन्य योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। उनके आने की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रधानमंत्री रांची में दस जिलों के उपायुक्तों से भी रू-ब-रू होंगे। प्रधानमंत्री का सिंदरी में दो घंटे का कार्यक्रम है। वे 3.30 बजे सिंदरी आएंगे और 5.30 बजे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे। राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी स्वागत भाषण देंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का भाषण होगा। राज्य सरकार की उपलब्धि पर 10 मिनट की फिल्म दिखायी जाएगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने विचार रखेंगे। इसके बाद शिलान्यास व अन्य कार्यक्रम होंगे। अंत में प्रधानमंत्री समारोह को संबोधित करेंगे। मोदी का संबोधन लगभग 40 मिनट का होगा। सीएम ने कहा है कि प्रधानमंत्री सिंदरी से ऑनलाइन योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर पतरातू में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा और स्थानीय विधायक वहां रहेंगे। देवघर में राज्य सरकार के मंत्री राज पालिवाल, लुईस मरांडी और रणधीर सिंह के अलावा सांसद निशिकांत दूबे समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।