पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बैलगाड़ी पर सवार हुए शशि थरूर

तिरुवनंतपुरम,पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का विरोध जताने के लिए कांग्रेस सांसद शशि थरूर बैलगाड़ी पर सवार होकर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उनके साथ मौजूदा रमेश चेन्नीथला जैसे अन्य कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं थरूर ने ट्वीट किया, आम आदमी को परेशान कर रहे पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के खिलाफ विरोध जताते हुए तिरुवनंतपुरम में मैं आज रमेश चेन्नीथला और एमएम हसन के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर राजभवन गया। कांग्रेस पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले अतार्किक टैक्स को वापस लेने की मांग करती है। इस विरोध मार्च में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एमएम हसन के अलावा कुदुकुनिल सुरेश और विधायक के मुरलीधरन भी शामिल हुए। वहीं प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चेन्नीथला ने कहा कि नरेंद्र मोदी और पिनराई विजयन पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से लोगों को परेशान कर रहे हैं। बता दें कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर देश के हिस्सों में लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है। हालांकि कर्नाटक चुनाव को देखते हुए फिलहाल कीमतों पर विराम लग गया है। अतंरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच सरकारी पेट्रोल कंपनियों ने मंगलवार को ऐलान किया था कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में रोज होने वाले बदलाव को फिलहाल वे रोक रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *