कई भाजपा नेता मेरे संपर्क में- कमलनाथ

भोपाल,प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता का सूखा समाप्त करने के लिए पूरी तरह कमर कस चुके कमलनाथ जहां पीसीसी चीफ बनने के बाद पूरी तरह एक्शन में आ गये हैं, वहीं कांग्रेस पार्टी ने भी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। एक्शन मोड में आये कमलनाथ ने बुधवार रात विधायकों से वन टू वन चर्चा की और आगे का एक्शन प्लान बनाया है। कमलनाथ की रणनीति भाजपा का खेल बिगड़ सकती है। इसी बीच कमलनाथ ने दावा किया है कि कई भाजपा नेता उनके टच में हैं। कमलनाथ के बयान के बाद इस बात की चर्चा भी तेज हो गई है कि वो कौनसे नेता हैं जो उनके संपर्क में हैं।
राजनैतिक गलियारों में यह चर्चा भी गर्म है कि कमलनाथ के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही भाजपा में भी हलचल है, और इसी कारण नाथ के एक्शन प्लान को देखते हुए सत्ताधारी पार्टी के शीर्ष नेताओं विधायकों मंत्रियों को अपने क्षेत्र में समय गुजारने और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए कहा है ।
कमलनाथ की ताजपोशी के लिए भोपाल में दिग्गजों के शक्तिप्रदर्शन ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। वहीं कमलनाथ ने यह बयान देकर सनसनी फैला दी है कि कुछ भाजपा नेता उनके संपर्क में हैं। कमलनाथ ने कहा 40 ऐसी सीटों पर हमारी विशेष नजर है जिनमे 3 से 6 बार हारे हैं। साल भर पहले सर्वे भी किया जा चुका है। चुनाव से पहले कांग्रेस एकजुट नजर आ रही है। अलग पार्टी के नेता अब एक साथ और लय में नजर आ रहे हैं। वहीं कमलनाथ ने नेताओं कार्यकर्ताओं को यह एहसास भी करा दिया है कि समय कम है और काम ज्यादा, इसलिए अपने अपने क्षेत्र में रहो और समस्याओं को सुलझाओ।
राजनैतिक पंडितों का यह भी कहना है कि कमलनाथ की सक्रियता और रणनीति कांग्रेस के दिन फेर सकती है, वहीं आने वाले दिनों में नए समीकरण भी देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *