मुंबई,डायरेक्टर आनंद एल. राय एक बार फिर से एकदम अलग तरह की फिल्म लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म है जीरो, जिसमें शाहरुख बौने के किरदार मे नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ भी नजर आने वाली हैं। वहीं इस फिल्म में एक और सुपरस्टार की एंट्री हुई है, जिसके बारे में हाल ही में खुद आनंद ने खुलासा किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान आनंद एल. राय ने बताया कि इस फिल्म में सलमान खान भी नजर आएंगे। उनका कहना है कि शाहरुख और सलमान ने मिलकर आग ही लगा दी और मैं बस वहां एक आम फैन की तरह देखता रह गया। उन्होंने बताया कि दोनों साथ में शानदार नजर आते हैं और शायद इसीलिए उन्हें एकसाथ देखना लोग पसंद करते हैं। बहरहाल, शाहरुख के फैंस के लिए खुशखबरी है कि जल्द ही फिल्म का दूसरा लुक भी रिलीज किया जाएगा। जी हां, जीरो का दूसरा लुक ईद पर रिलीज किया जाएगा। आनंद एल. राय ने खुद यह खुलासा किया है। जीरो 21 दिसंबर-2018 को रिलीज होने वाली है।
इस फिल्म में सलमान और शाहरुख दिखेंगे एक साथ!