ग्वालियर,एससी-एसटी कानून में संशोधन के विरोध में बंद के दौरान हुई हिंसा को भड़काने वालों पर अब शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार हिंसा भड़काने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। जिले के तीन पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।
प्रशासन द्वारा तीन टीआई को लाइन अटैच कर दिया है। इनमें मुरार के टीआई अजय पवार, गोला का मंदिर के टीआई अजीत सिंह चौहान और डबरा के टीआई अमर सिंह सिकरवार शामिल है। आरोप है कि इन तीनों थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा हिंसा भड़की थी और पुलिस ने समय रहते हुए एक्शन नहीं लिया। तीनों थाना क्षेत्र के टीआई की लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है सुप्रीम कोर्ट के फैसले से नाराजगी जताते हुए एससी/एसटी वर्ग ने 2 अप्रैल को भारत बंद का आह्वान किया था। विभिन्न संगठनों ने भारत बंद करके रैली निकाली थी। इस दौरान प्रदेश भर में जमकर हिंसा हुई थी। दुकानों में तोड़फोड़, वाहनों को आग, खुलेआम डंडे ओर गोलियां चलाई गईं थी। उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया था।इसमें करीब आठ लोगों की जान चली गई थी। वही जांच में सामने आया था कि उत्पात की पहले ही साजिश रची गई थी ओर बाकायदा लोगों को इसके लिए पैसे और डंडे, लाठी बांटे गए थे। इसके लिए कई दिन पहले से फंडिंग हुई थी। इस आंदोलन में सरकारी अधिकारी कर्मचारी भी पीछे नहीं रहे। ऐसे कई लोगों के नाम सामने आई थे, जिसके बाद जांच की गई थी।
भारत बंद के दौरान हिंसा का मामला,तीन थानों के टीआई लाइन अटैच