नौकरी के लिए बेटे ने दी पिता की हत्या की सुपारी

पटना, जिस रेलवे कर्मचारी को गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया गया, उसे गोली मारने की सुपारी दरअसल उसके ही पुत्र ने दी थी। पुलिस ने कलियुगी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में बेटे ने स्वीकार किया है कि उसने रेलवे में नौकरी पाने के लिए अपने पिता की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने इस मामले में दो कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को भी हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार ओम प्रकाश मंडल मंगलवार को बिहार के मुंगेर जिले के ईस्ट कॉलोनी पुलिस स्टेशन एरिया के अंतर्गत ऑफिसर्स क्लब रोड में अपने ऑफिस में थे, तभी उन पर फायरिंग की गई। गोली उनके कंधे में लगी। उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने एक शूटर रवि रंजन (31) को जमालपुर थाने के अंतर्गत आने वाले रामपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।
उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे शूटर सुनील मंडल और ओम प्रकाश के बेटे पवन मंडल को गिरफ्तार किया। ईस्ट कॉलोनी पुलिस स्टेशन के एचएसओ मोहम्मद अली साबरी के अनुसार, ‘पवन कई सालों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही थी। उसे पता था कि उसके पिता 30 अप्रैल को रिटायर होने वाले हैं इसलिए 28 वर्षीय पवन ने उनकी हत्या की योजना बनाई ताकि सहानुभूति के आधार पर उसे रेलवे में जॉब मिल सके। मोहम्मद साबरी ने बताया पवन ने इसके लिए दो कॉन्ट्रैक्ट किलर को 2 लाख रुपये में तय किए और उन्हें आधी रकम चुकता कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि दो अन्य आरोपी विकी और जुगनू को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। इन लोगों ने पवन और शूटर्स के बीच डील कराई थी। तीनों आरोपियों को गुरुवार को जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *