2654 करोड़ के बैंक घोटाले में ईडी ने 1122 करोड़ की संपत्ति जब्त की

अहमदाबाद,अलग-अलग बैंकों से 2654 करोड़ की धोखाधड़ी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। डायमंड पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के 2654 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डायमंड पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की 1122 करोड़ रुपए की अंचल संपत्ति कुर्क कर दी है। ईडी ने डायमंड पावर की इमारत,वडोदरा में स्थित कंपनी के मालिक भटनागर परिवार का बंगला,भुज में स्थित 3 वांइडमिल,डायमंड पावर की सहयोगी कंपनी का बन रहा 3 मंजिला होटल और वडोदरा के आसपास में स्थित सभी संपत्ति को कुर्क कर दिया है। सीबीआई ने इस कंपनी के निदेशक अमित भटनागर को पिछले हफ़्ते गिरफ्तार किया गया था। गुजरात एटीएस और सीबीआई की संयुक्‍त टीम ने वडोदरा के व्यापारी अमित उनके भाई सुमित और पिता एसएन भटनागर को राजस्‍थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया था।
बता दें कि अमित भटनागर और अन्य पर वडोदरा के 11 बैंकों से लोन लेकर ना चुकाने का आरोप है। अमित भटनागर पर मामला दर्ज होने के बाद उसके ऑफिस और घर पर सीबीआई, ईडी जैसी एजेंसियों ने छापेमारी की। हालांकि, इससे पहले ही अमित भटनागर फरार हो गया था। करीब 15 दिनों से फरार चल रहे अमित भटनागर की तलाश में गुजरात एटीएस और सीबीआई दिन-रात एक किए हुए थे। इस बीच अमित ने भी कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। हालांकि उससे पहले ही गुजरात एटीएस और सीबीआई की संयुक्‍त टीम ने उस गिरफ्तार कर लिया था। सूत्रों के मुताबिक,सीबीआई को इसतरह के सबूत मिले हैं कि अमित कई मंत्रियों और आईएएस अधिकारियों के साथ मिलकर अपना बिजनेस चला रहा था। उसकी कंपनी में कई इन लोगों ने इंवेस्‍ट किया हुआ है। बता दें, पीएनबी को चूना लगाने के बाद फरार हुए नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के बाद से ही सीबीआई और ईडी बैंकों को चूना लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *