नीति आयोग के सीईओ ने कहा बिहार-यूपी जैसे राज्यों की वजह से पिछड़ रहा देश

नई दिल्ली,नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा है कि देश के दक्षिणी और पश्चिमी राज्य तो तेजी से विकास कर रहे हैं, लेकिन बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों की वजह से देश पिछड़ रहा है। दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में खान अब्दुल गफ्फार खान पर आयोजित गोष्ठी में उन्होंने यह बातें कहीं। उनका कहना है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में यह पिछड़ापन ज्यादा नजर आता है। एक तरफ हम इज ऑफ डूइंग बिजनेस की रैकिंग में कई पायदान ऊपर चढ़े हैं तो मानव विकास सूचकांक में अभी भी काफी पिछड़े हुए हैं। 188 देशों की सूची में हमारा नंबर 131 है। शिक्षा और स्वास्थ्य दो क्षेत्र हैं, जहां देश पिछड़ रहा है। हमारे स्कूलों की पढ़ाई पिछड़ रही है। कक्षा पांच का छात्र कक्षा दो के घटाव नहीं कर सकता, वह अपनी मातृभाषा भी ठीक से नहीं पढ़ पाता। शिशु मृत्युदर बढ़ी है। जब तक हम इन सभी पहलुओं पर ध्यान नहीं देंगे, तब तक विकास मुश्किल है। अमिताभ कांत ने कहा कि देश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से इस दिशा में काफी तेजी से काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *