राहुल गांधी बोले भाजपा ने 2014 का एक भी वादा पूरा नहीं किया

नई दिल्ली,राहुल गांधी ने एक बार फिर दोहराया कि अगर उन्हें सदन में बोलने दिया जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक मिनट भी वहां खड़े नहीं हो पाएंगे। सोमवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेश नीति से लेकर देश की अर्थव्यवस्था और महिला सुरक्षा तक पर बात की। उन्होंने मोदी और बीजेपी पर सीधा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा, आठ साल की बच्ची का रेप होता है, उन्नाव में रेप होता है, लेकिन मोदी अपने विधायक के खिलाफ कुछ नहीं बोले। मोदी ने 2014 में दो करोड़ रोजगार और 15-15 लाख रुपए देने एवं बेटी बचाओ की बात की थी। लेकिन अब उनका नया नारा है, बेटी बचाओ, लेकिन बीजेपी से, बीजेपी के विधायक से बचाओ। छोटी बच्ची का रेप होता है। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष की चीफ ने भी महिला सुरक्षा के बारे में बोला है। उन्होंने कहा कि देश में संवैधानिक संस्थाओं को दबाया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के चार जज जनता के सामने इंसाफ की गुहार लगाने आए थे। लेकिन उनकी आवाज दबा दी गई।
देश के सभी संस्थानों को हमारे संविधान ने दिया है, आईआईटी, आईआईएम से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक। लेकिन आज सभी संस्थाओं में आरएसएस की विचारधारा वाले लोगों को बैठाया जा रहा है। राहुल ने कहा कि सरकार ने उन्हें संसद में बोलने से रोका। अगर राफेल और नीरव मोदी के मुद्दे पर मैं 15 मिनट संसद में बोलूं तो नरेंद्र मोदी जी खड़े नहीं हो पाएंगे। पूरा देश जानता है कि राफेल में चोरी हुई। नीरव मोदी 30 हजार करोड़ लेकर भाग गया, लेकिन उनके मित्र चुप रहे। यह पहली बार है, जब सरकार ही संसद नहीं चलने दे रही है। मोदी जी ने अपने सांसदों और विधायकों से कहा कि तुम लोग मीडिया को मसाला देते हो। अब देश सिर्फ प्रधानमंत्री के मन की बात सुनेगा। उन्होंने कहा, युवाओं को रोजगार का झूठा आश्वासन दिया गया। गब्बर सिंह टैक्स ने व्यापारी और किसानों को बर्बाद कर दिया। कांग्रेस शिक्षा, स्वास्थ, रोजगार, महिलाओं की रक्षा कैसे करेगी, यह सवाल हमारे सामने है और केवल कांग्रेस ही इसका समाधान देगी। संविधान बचाओ अभियान दलितों और कमजोर लोगों की रक्षा का अभियान है। कांग्रेस इसे जोरों से चलाएगी। मैं भी शामिल होऊंगा। जहां भी बीजेपी दलितों पर अत्याचार करेगी, वहां कांग्रेस उनके सामने खड़ी हो जाएगी।
राहुल ने कहा कि मोदी को केवल खुद में इंट्रेस्ट है। चाहे दलित मरे, महिलाओं के साथ अत्याचार हो, इससे उन्हें फर्क नहीं पड़ता। मोदी की विचारधारा को देश के हर व्यक्ति को समझना चाहिए। मोदी के दिल में दलितों के लिए कोई जगह नहीं है, क्योंकि उनकी विचारधारा दलितों के समर्थन वाली नहीं है। दलितों पर अत्याचार बढ़ रहा है, लेकिन मोदी जी लगातार चुप हैं। यूपी, ऊना जैसे मामले सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने गुजरात में आवाज़ उठाई, तब तीन दिन बाद स्टेज पर मोदी जी आते हैं और आंसू निकाल देते हैं। राहुल गांधी ने कहा, पहले दुनिया कहती थी कि भारत में अलग-अलग लोग मिलकर रहते हैं। वह कहती थी कि भारत संविधान, सुप्रीम कोर्ट और संसद से चलता है। तब दुनिया हमारी ओर देखती थी। लेकिन दुनिया में देश की इज्जत मोदी जी ने खत्म कर दी है। आज दुनिया में महिलाओं के साथ बलात्कार, अल्पसंख्यक पर आक्रमण, दलितों पर अत्याचार की बात होती है। 70 सालों में कांग्रेस ने देश की इज्जत बनाई, लेकिन मोदी जी ने चार सालों में इसको नुकसान पहुंचाया है। इसे बचाना है। बता दें कि राहुल गांधी ने अपने भाषण की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किताब ‘कर्मयोगी-नरेंद्र मोदी’ के शब्दों से की। उन्होंने कहा कि जो टॉयलेट को साफ करता है, जो गंदगी उठाता है, उसका क्या अध्यात्म नहीं होता। क्या केवल राजनीति ही अध्यात्म है। उन्होंने कहा कि आज संविधान संकट में है। लेकिन देश अपने संविधान को बचा लेगा। संविधान विरोधी सरकार को 2019 में उखाड़कर फेंक दिया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *