हिज्बुल मुजाहिदीन का आतंकी बना सेना का जवान

श्रीनगर,दक्षिण कश्मीर से इस महीने की शुरुआत से लापता सेना का एक जवान आतंकवादी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन में शामिल हो गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि गायब चल रहा जवान सेना की जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री में पोस्टेड था।
सिपाही मीर इदरीश सुल्तान बिहार के कटिहार में सेना की जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री (जेएकेएलआई) इकाई में तैनात था और उसे झारखंड भेजा जाना था। वह शोपियां जिले के एक गांव का निवासी था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह 12 अप्रैल को अपने गांव पहुंचा था और शनिवार को लापता हो गया। उसके पिता मोहम्मद सुल्तान मीर ने सोमवार सुबह थाने में संपर्क किया और पुलिस से कहा कि उनका बेटा लापता है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह अन्य दो स्थानीय युवकों के साथ हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ गया है। वैसे आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की है। इसकी सूचना सेना के अधिकारियों को दे दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार पुलिस यह पता लगाने के लिए उसके कॉल रेकार्ड और अन्य गतिविधियों को खंगाल रही है कि कहीं वह राष्ट्रविरोधी तत्वों के संपर्क में तो नहीं था। सेना का कहना है कि वह लापता है और किसी आतंकवादी संगठन में उसके शामिल होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
इसी साल जनवरी में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पीएचडी छात्र मन्नान वानी के भी आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन में शामिल होने की खबर आई थी। वानी की तलाश में यूपी पुलिस ने यूनिवर्सिटी में छापेमारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *