मुंबई,बॉलीवुड की ‘चांदनी’ कहलाने वाली दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी करण जौहर की अपकमिंग फिल्म ‘शिद्दत’ में काम करने को लेकर बेहद उत्साहित थीं। इससे पहले आई उनकी फिल्म ‘मॉम’ ने बाक्स आफिस पर अच्छा कारोबार किया था। श्रीदेवी की अचानक हुई मौत ने बी-टाउन को सदमें में डाल दिया है, बल्कि उनके लाखों करोड़ों प्रशंसकों को भी काफी झटका लगा है। सूत्रों के अनुसार श्रीदेवी के निधन के बाद उनकी भूमिका को अब माधुरी दीक्षित निभाएंगी। करण जौहर की फिल्म ‘शिद्दत’ मल्टी-स्टारर है। इस फिल्म में वरुण धवन, आलिया भटट्, संजय दत्त, आदित्य रॉय कपूर और सोनाक्षी सिन्हा भी हैं। करण जौहर ने अपनी फिल्म ‘शिद्दत’ के लिए माधुरी दीक्षित को अप्रोच किया है। कहा जा रहा है कि फिल्म मेकर इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘शिद्दत’ की कहानी भारत-पाकिस्तान के विभाजन पर आधारित होगी। इस फिल्म को ‘2 स्टेट्स’ फेम अभिषेक वर्मन डॉयरेक्ट कर रहे हैं। अगर माधुरी दीक्षित ने फिल्म के लिए हां कह दिया तो करीब 20 सालों बाद उनकी और संजय दत्त की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ देखने को मिलेगी। जो दोनों के फैंस के लिए एक अच्छी खबर है।
करण की ‘शिद्दत’ में अब श्रीदेवी की जगह लेंगी माधुरी दीक्षित