मुंबई,कई बॉलिवुड फिल्मों और टीवी सीरियलों में नजर आ चुकीं दिग्गज अभिनेत्री शम्मी आंटी का 89 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर दुख जताया है। बता दें, शम्मी आखिरी बार फराह खान और बोमन ईरानी स्टारर फिल्म ‘शीरीं फरहाद की तो निकल पड़ी’ में नजर आई थीं। अमिताभ ने ट्वीट किया, शम्मी आंटी… बेहतरीन अभिनेत्री और हमारी फैमिली फ्रेंड…फिल्म इंडस्ट्री को अपने वर्षों के योगदान के बाद दुनिया से चली गईं! वह लंबी बीमारी से जूझ रही थीं, दुखद..। धीरे-धीरे सभी जा रहे हैं..। इससे पहले 24 फरवरी को श्रीदेवी का दुबई में निधन हुआ था। बता दें, शम्मी का असली नाम नर्गिस राबदी था। उन्होंने फिल्म प्रोड्यूसर सुल्तान अहमद से शादी की थी। शम्मी ने कुली नंबर-1, खुदा गवाह, हम, अर्थ, द बर्निंग ट्रेन जैसी कई फिल्मों में काम किया। वहीं, छोटे पर्दे पर वह देख भाई देख, जबान संभाल के, श्रीमान श्रीमती, कभी ये कभी वो और फिल्मी चक्कर जैसे मशहूर टीवी शोज में नजर आई थीं।
शम्मी आंटी का निधन,अमिताभ ने जताया दुख