नई दिल्ली, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे और आईएनएक्स मीडिया केस में आरोपी कार्ति चिंदबरम से सीबीआई के अधिकारियों ने सबूत और दस्तावेज कार्ति के सामने रख जवाब मांगा। सीबीआई अफसरों ने कार्ति को एफआईपीबी क्लीयरेंस से जुड़े दस्तावेज कार्ति को दिखाए। इसके अलावा उनकी कंपनी चैस मैनेजमेंट लिमिटेड के सिलसिले में भी उनसे पूछताछ की गई।
ज्ञात रहे कि गुरुवार को सीबीआई ने पटियाला हाउस कोर्ट में कहा था कि कार्ति पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसके बाद कोर्ट ने कार्ति को बड़ा झटका देते हुए उन्हें 6 मार्च तक के लिए सीबीआई की कस्टडी में भेज दिया। हालांकि सीबीआई ने 14 दिन की रिमांड मांगी थी। कोर्ट ने कार्ति को अपने वकील से सुबह और शाम 1-1 घंटा मिलने की अनुमति दी है।
कार्ति के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कोर्ट में दलील देते हुए कहा था कि उनके मुवक्किल को जेल भेजने की कोई वजह नहीं है। सिंघवी ने कहा कि कस्टडी में लेकर पूछताछ का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि सीबीआई सहयोग करने का दावा कैसे कर सकती है, अगर उन्हें समन जारी ही नहीं किया गया।
कार्ति चिदंबरम से सबूत सामने रख मांगे जवाब