प्रेमि‍का ने रखी थी नौकरी के बाद शादी की शर्त तो सरकारी नौकरी पाने कर दी बाप की हत्या

मेरठ, परतापुर के काजमाबाद में हुई डाकिए की हत्या पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि बेटे ने ही बाप की सरकारी नौकरी पाने के लिए अपने दोस्त के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। बड़े भाई की साली से मृतक के बेटे का अफेयर चल रहा है। प्रेमिका ने सरकारी नौकरी लगने की शर्त पर ही शादी करने की बात कही थी। इसके चलते युवक ने घटना को अंजाम दिया।
उसने सीआरपीएफ की परीक्षा में फेल होने के बाद अपने पिता को मारने का प्लान बना लिया था। पुलिस ने सीआरपीएफ की नकली वर्दी भी बरामद कर ली है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि एक फरवरी को काजमाबाद में पोस्टमैन चंद्रपाल की खेत में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद चाकू से गर्दन काट दी गई थी। मामले में परतापुर थाने में मुकदमा कायम कराया गया था। एसपी सिटी ने बताया कि डाकिए की हत्या उनके बेटे तरुण उर्फ हनी निवासी काजमाबाद गून ने अपने दोस्त सनी निवासी काजमाबाद गून के साथ मिलकर कर दी थी। उन्होंने बताया कि बड़े भाई की साली से तरुण का अफेयर चल रहा है। उसने शर्त रखी कि जब सरकारी नौकरी लगेगी, तब ही वह तरुण से शादी करेगी। इसके बाद उसने सीआरपीएफ में भर्ती के लिए 2016 में परीक्षा दी, जिसमें पास हो गया था, लेकिन मेडिकल में वह फेल हो गया। उसने गांव और परिवार से झूठ बोल रखा था कि उसकी सीआरपीएफ में नौकरी लग गई। काफी दिनों से पिता चंद्रपाल वेतन की बात भी पूछ रहे थे, लेकिन लगातार तरुण घर वालों से जल्द वेतन मिलने की बात को कहकर टाल रहा था। चंद्रपाल को शक होने पर भेद खुल गया। प्रेमिका ने भी शादी करने से मना कर दिया था। इसके बाद तरुण ने उसे पाने के लिए अपने पिता चंद्रपाल की हत्या कर सरकारी नौकरी पाने का प्लान बनाया। इसमें उसने अपने दोस्त सनी की मदद ली। एक फरवरी को खेत में गए चंद्रपाल की पहले पिटाई करके घायल कर दिया गया। इसके बाद चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। एसपी सिटी ने बताया कि तरुण का प्लान था कि पिता की हत्या करने के बाद उसको सरकारी नौकरी मिल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *