जयपुर,भारी विरोध के बाद भी देश भर में 25 जनवरी को रिलीज़ हो चुकी संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को राजस्थान में भी ग्रीन सिग्नल मिल सकता है। शुक्रवार को फिल्म के मामले की सुनवाई करते हुए राजस्थान हाईकोर्ट ने सरकार को आदेश दिया कि 9 फरवरी को अदालत में फिल्म की स्क्रीनिंग की जाए। अभी तक करणी सेना को इस फिल्म से आपत्ति है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भले ही पद्मावत देश के अन्य राज्यों में रिलीज़ हो गई है। अभी तक इस फिल्म को राजस्थान में रिलीज़ नहीं किया गया है। राजस्थान के सिनेमाघर मालिकों ने तोड़फोड़ के डर से इस फिल्म को रिलीज़ करने से इंकार कर दिया था। इसके बाद संजय लीला भंसाली की ओर से राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर में एक याचिका डाली गई थी, जिसमें उन्होनें अपनी फिल्म के प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघरों को सुरक्षा मुहैय्या करवाने की बात कही। अब इस मामले पर सुनवाई करते हुए अदालत ने इस फिल्म की स्क्रीनिंग करवाने के आदेश दिए हैं।
इसके बाद राजस्थान सरकार ने अदालत से इस आदेश पर पुनर्विचार की याचिका दायर की है। लॉ एंड ऑर्डर के इस मामले में जोधपुर के पुलिस कमिश्नर भी अदालत में आए। राजस्थान सरकार का तर्क है कि राजस्थान में इस फिल्म की स्क्रीनिंग होने पर करणी सेना और अन्य राजपूत संगठनों की ओर से उग्र हिंसक प्रदर्शन हो सकता है। बता दें कि राजस्थान सरकार से पहले मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़ और गुजरात सरकार भी इस फिल्म पर बैन लगाने की बात कर चुकी थी,लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इस फिल्म को 25 जनवरी को देशव्यापी रिलीज हुई। अति संवेदनशील होने के चलते राजस्थान में इस फिल्म को अभी भी रिलीज़ नहीं किया जा सका है। हालांकि इस विवाद से फिल्म को फायदा भी मिला और लगातार दो हफ्तों तक हाउसफुल जा रहे शोज़ की बदौलत इस फिल्म ने 150 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। उम्मीद है कि अगले सोमवार (5 फरवरी) तक फिल्म 200 करोड़ का कारोबार कर लेगी।
राजस्थान में भी रिलीज़ हो सकती है ‘पद्मावत’,9 फरवरी को हाईकोर्ट में होगी स्क्रीनिंग