पेट्रोल-डीज़ल को GST में शामिल करो,दाम बढ़ने के विरोध में कांग्रेस ने निकाली साईकिल रैली

भोपाल,केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में की जा रही बेतहाशा वृद्धि और मप्र सरकार द्वारा इसके बावजूद भी सेस लगाये जाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज राजधानी भोपाल में विरोध प्रदर्शन कर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से विरोध स्वरूप साईकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने किया।
रैली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरिंदरसिंह ‘राजा बरार’ विशेष रूप से उपस्थित थे। रैली के पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे दिनों की सौगात देने वाली केंद्र में काबिज भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दामों में बेतहाशा वृद्धि कर आम जनों और किसानों के आर्थिक हालातों को जर्जर कर दिया है। यही नहीं, राज्य सरकार द्वारा भी सड़कों के नाम पर पेट्रोल-डीजल के दामों में 50-50 पैसे प्रति लीटर सेस लगाकर वृद्धि कर दी गई है। केंद्र सरकार द्वारा लगाये जाने वाला केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं राज्य सरकार द्वारा लगाये जाने वाला वेल्यु एडिट टैक्स (वेट) लगने से आम जन दोहरे टेक्स की मार झेल रहा है और केंद्र-राज्य सरकार खामोश है! आखिरकार केंद्र को पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में शामिल करने पर क्या आपत्ति है? क्योंकि उक्त बढ़ोत्तरी मंे मप्र सरकार द्वारा पेट्रोल पर 31 और डीजल पर 27 प्रतिशत वेट लगाये जाने के कारण अन्य राज्यों की अपेक्षा यहां पेट्रोल-डीजल सबसे महंगी दर पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध हो रहा है। अब कल 25 जनवरी को प्रदेश की सभी जिला/शहर एवं ब्लाक कांग्रेस कमेटियां सांकेतिक साईकिल व बैलगाडी रैलियां निकालकर इस विषयक अपना आक्रोश दर्ज करायेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *