बोपन्ना की हार के साथ पुरुष युगल में भारतीय चुनौती समाप्त

मेलबर्न,रोहन बोपन्ना और उनके जोड़ीदार एडुअर्ड रोजर वैसेलीन की तीसरे राउंड में शिकस्त के साथ ही ऑस्ट्रेलियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार को पुरूष युगल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। भारतीय-फ्रेंच जोड़ी को ओलिवर मराच और मेट पाविच के हाथों तीसरे दौर में 4-6, 7-6, 3-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी। ऑस्ट्रियाई-क्रोएशियाई जोड़ी ने दो घंटे में यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
10वीं वरीय भारतीय जोड़ी ने हालांकि पहला सेट हारने के बाद दूसरे सेट में वापसी की और सातवीं वरीय विपक्षी टीम के खिलाफ इसे टाईब्रेक में 7-5 से जीता। लेकिन तीसरे सेट में वे फिर पिछड़ गए और मुकाबला गंवा बैठे। मैच में भारतीय-फ्रेंच जोड़ी ने आठ डबल फॉल्ट किए और दो में से केवल एक ब्रेक अंक भुनाया। बोपन्ना की अब चुनौती मिश्रित युगल में बची है जहां वह हंगरी की टिमिया बाबोस के साथ दूसरे राउंड में वानिया किंग और फ्रैंको स्कूगोर के खिलाफ खेलने उतरेंगे। बोपन्ना ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी अब एकमात्र भारतीय बचे हैं।
इससे पहले युगल के अन्य मुकाबले में दिविज शरण और अमेरिका के राजीव राम की जोड़ी भी शीर्ष वरीय लुकाज कुबोत और मार्सेलो मेलो के खिलाफ 6-3, 6-7, 4-6 से मुकाबला गंवा बैठी। इसके अलावा लिएंडर पेस और पूरव राजा की ऑल भारतीय जोड़ी भी हारकर बाहर हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *