DGP को समन हरियाणा के राज्यपाल सोलंकी ने मांगी रेप के मामलों की जानकारी

चंडीगढ़,हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने राज्य के पुलिस प्रमुख बीएस संधू को समन भेजकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में हाल में हुई बलात्कार की घटनाओं और इन मामलों में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। राज भवन में एक घंटे तक चली बैठक के बाद पुलिस महानिदेशक संधू ने बताया कि हाल की घटनाओं और उन मामलों में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई के बारे में उन्होंने राज्यपाल को जानकारी दी है। डीजीपी ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और राज्य में ऑपरेशन दुर्गा को फिर शुरू करने का फैसला किया गया है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन दुर्गा पिछले वर्ष शुरू किया गया था। हरियाणा में हाल में बलात्कार की कई घटनाएं हुई हैं। शनिवार को जींद जिले के एक गांव में एक नहर के पास से 15 वर्षीय एक लड़की का अर्द्धनग्न शव बरामद हुआ था। वह कुरुक्षेत्र जिले में स्थित अपने घर से बीते मंगलवार से लापता थी। लड़की के साथ बर्बरता की गई थी। एक अन्य घटना में पिछले हफ्ते पानीपत में 11 वर्षीय लड़की की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। डीजीपी ने राज्यपाल को बताया कि पुलिस विभाग में जल्द ही 45 सौ पुरुष और सौ महिला कांस्टेबलों को तैनात किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *