इन्दौर,शहडोल की 18 वर्षीय क्रिकेटर पूजा वस्त्रकार के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। पूजा आगामी फरवरी माह में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक दिवसीय श्रृंखला में खेलने जा रही है। पूजा के भारतीय टीम में चयन पर एमपीसीए ने उन्हें बधाई दी है। चैलेंजर ट्रॉफी में पूजा वस्त्रकार इंडिया ब्लू टीम का हिस्सा थीं। यह पहला मौका है कि शहडोल की कोई महिला क्रिकेट खिलाड़ी भारत की टीम में जगह बनाकर देश के बाहर अपने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की शुरूआत करने जा रही है।
बीसीसीआई के सचिव अमिताभ चौधरी ने टीम की घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम फरवरी में आईसीसी महिला चैम्पियनशिप (2017-2020) के तहत दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम के खिलाफ तीन एक दिवसीय मैच खेलेगी। एक दिवसीय श्रृंखला के बाद पॉंच मैचों की टी-20 श्रृंखला भी टीम खेलेगी। हालांकि टी-20 के लिए भारतीय दल की घोषणा बाद में होगी।
:: वन-डे सीरिज़ का कार्यक्रम ::
यह मैच अगले माह यानि 2, 5, 7 और 10 फरवरी को खेले जाने हैं। 2 फरवरी को वार्म-अप मैच ब्लूमफ़ोनटेन में होगा। जबकि पहला व दूसरा वन-डे क्रमश: 5 व 7 फरवरी को किम्बरली में तथा तीसरा वन-डे पॉचेफस्ट्रूम में खेला जायेगा।
भारतीय टीम इस प्रकार है :- मिताली राज (कप्तान), हरमनप्रीत कौर (उप-कप्तान), सुषमा वर्मा (विकेट-कीपर), एकता बिष्ट, स्मृति मंधाना, पूनम यादव, पुनाम राउत, राजेश्वरी गायकवाड़, जेमीमा रॉड्रिक्स, झुलान गोस्वामी, दिप्ती शर्मा, शिखा पांडे, मोना मेश्राम, पूजा वस्त्रकार, वेद कृष्णमूर्ति, तनिया भाटिया (विकेट-कीपर)।
MP के शहडोल की पूजा वस्त्रकार का भारत की महिला क्रिकेट टीम में चयन