नजीब के बाद जेएनयू से एक और छात्र लापता

नई दिल्ली,नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले एक और छात्र लापता हो गया है। पुलिस के अनुसार मुकुल जैन नाम का यह छात्र यहां लाइफ साइंस विभाग में शोध छात्र था। वह गाजियाबाद का रहने वाला है। वह आखिरी बार दो दिन पहले (आठ जनवरी) को विश्वविद्यालय में लगी सीसीटीवी में दिखाई दिया था। इसके बाद से उसका पता नहीं है। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बसंतकुंज मार्ग स्थित पुलिस स्टेशन में लिखाई गई है। मुकुल वॉलेट, मोबाइल और लैपटॉप छोड़ गया है। पुलिस फिलहाल उसकी तलाश में जुटी है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में किसी छात्र के गुम होने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 15 अक्तूबर 2016 को नजीब अहमद नामक एक विद्यार्थी लापता हो गया था। जिसे लेकर जेएनयू प्रशासन और सरकार छात्र संघ के निशान पर रहे हैं। नजीब की गुमशुदगी विपक्ष के लिए एक बड़ा मुद्दा बन गया है। उसे अब तक सीबीआई भी नहीं खोज पाई है। दूसरी गुमशुदगी को लेकर लेफ्ट और राइट विंग के बीच तकरार बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष गीता कुमारी ने कहा इस मामले को छात्र संघ बहुत गंभीरता से ले रहा है। हम लोग जेएनयू प्रशासन और पुलिस दोनों से बातचीत कर रहे हैं। जेएनयू छात्र संघ के पूर्व संयुक्त सचिव एवं एबीवीपी नेता सौरभ शर्मा ने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यहां से छात्र गायब हो रहे हैं। हम जेएनयू प्रशासन से सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने और सुरक्षा सख्त करने की मांग करते हैं। लापता छात्र के परिजन कैंपस में आए थे। उनकी शिकायत पर बसंतकुंज मार्ग स्थित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *