सही ट्रेन में नहीं बैठ पाया और फिर ट्रेन से कूद पड़ा विदेशी पर्यटक, मौत

सवाई माधोपुर,रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदने से एक विदेशी पर्यटक की मौत हो गई। मृतक विदेशी पर्यटक नीदरलैंड का निवासी था। नीदरलैंड निवासी एरिन और अमेरिका निवासी फेबिन रणथंभोर में नए साल का जश्न मनाने आए हुए थे। दोनों विदेशी पर्यटक रणथंभोर के आदित्य पैलेस में ठहरे हुए थे।
मंगलवार सुबह दोनों विदेशी पर्यटक सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। सवाई माधोपुर से उन्हें आगरा जाना था, लेकिन दोनों गलती से स्टेशन पर आई जन शताब्दी ट्रेन में चढ़ गए। ट्रेन में चढऩे के बाद उन्होंने जब अन्य सह यात्रियों से ट्रेन की बारे में जानकारी ली, जिससे उन्हें पता लगा कि वे गलत ट्रेन में चढ़ गए हैं।
पता चलने के बाद अमेरिकी निवासी फेबिन चलती ट्रेन से कूद गया। नीदरलैंड निवासी एरिन जब तक कूदता ट्रेन कुछ गति पकड़ चुकी थी, लेकिन एरिन ने फिर भी चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी, जिससे नीचे गिरते ही उसके सिर में गहरी चोट लग गई और मौके पर मौत हो गई। सूचना पर आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक मानसिंह ने दुर्घटना के बारे में नीदरलैंड दूतावास को अवगत करवाया है। पुलिस फिलहाल जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *