मुंबई,बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर ‘हसीना पारकर’ को लेकर लगातार मुश्किल में रही है। महाराष्ट्र में मुंबई की एक लोकल कोर्ट ने कपड़ा उत्पादक एक फर्म की शिकायत पर श्रद्धा और फिल्म ‘हसीना पारकर’ के निमार्ताओं में से एक के खिलाफ धोखाधडी और आपराधिक विश्वासघात मामले में अंबोली पुलिस को जांच का आदेश दिया। कोर्ट ने पुलिस को जांच और इस मामले की रिपोर्ट 15 फरवरी 2018 तक जमा करने का आदेश दिया है। फिल्म के लिए एक्ट्रेस का आउटफिट बनाने वाली एम एंड एम डिजाइन्स फर्म ने मुंबई की कोर्ट में निजी शिकायत दर्ज करवाई थी। कंपनी के वकील रिजवान सिद्दीकी ने बताया कि एम एंड एम डिजाइन्स और निमार्ता स्विस एंटरटेनमेंट के बीच एक समझौता हुआ था कि परिधानों के बदले एक्ट्रेस ब्रांड फैशन लेबल ‘एजेटीएम’ का प्रचार करेंगी लेकिन वादे के मुताबिक श्रद्धा ने कोई भी प्रचार गतिविधि नहीं की, जो समझौते का उल्लंघन है। मालूम हो कि पहले तो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई और अब इस फिल्म के चलते श्रद्धा कानूनी पचड़े में भी पड़ गई हैं। ‘हसीना पारकर’ दाउद इब्राहिम की बहन पर आधारित थी। श्रद्धा लीड रोल में थीं। फिल्म 22 सितंबर को रिलीज हुई थी और महज करीब तीन करोड़ की कमाई कर पाई थी।
फिल्म के चलते श्रद्धा कानूनी पचड़े में पड़ीं, मुशिकल है ‘हसीना पारकर’