मुंबई,मध्य मुंबई की एक इमारत में स्थित पब में जन्मदिन के उत्सव के दौरान आग लगने और 14 लोगों की मौत होने के मामले में पांच अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। बताया जाता है कि रेस्टोरेंट में आग बुझाने के यंत्र नहीं थे। इस हादसे पर बीएमसी में सत्ताधारी शिवसेना और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। लोकसभा में भी भाजपा के किरीट सोमैया और शिवसेना के अरविंद सावंत आमने-सामने नज़र आए। अरविंद सावंत ने इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश देने की मांग की। वहीं किरीट सोमैया ने कहा कि इस हादसे के लिए बीएमसी के अधिकारी जिम्मेदार हैं। दो हफ्ते में ये दूसरा हादसा हुआ है।
सपा सांसद जया बच्चन ने कहा कि मैं कमला मिल्स गई हूं और वह एक भूल भुलईया की तरह है। जहां बहुत छोटी लाइन हैं। उन्होंने कहा कि जाहिर है वहां लापरवाही हुई है।
ये हादसा लोअर परेल के कमला मिल कंपाउंड के 2 रेस्टोरेंट में आग की वजह से हुआ है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, रेस्टोरेंट में आग बुझाने के यंत्र नहीं थे। साथ ही इमरजेंसी दरवाजे के पास कुछ सामान रखा हुआ था, जिसकी वजह से वो खुला नहीं।
लापरवाही के आरोप में पुलिस ने रेस्टोरेंट मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मरनेवालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। इस हादसे में मरनेवालों में 11 महिलाएं और 3 पुरुष हैं। ज्यादातर 22 से 30 साल के लोग हैं। हादसे में 12 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। ये आग आग गुरुवार रात 12:30 बजे के क़रीब कंपाउंड के 2 रेस्टोरेंट में लगी। आग इतनी भीषण थी कि दमकल की 8 गाड़ियों और 6 वाटर टैंक को क़ाबू पाने में 2 घंटे से ज़्यादा का समय लगा।
कमला मिल कंपाउंड में कई कॉरपोरेट दफ़्तरों के अलावा कई न्यूज़ चैनलों के दफ़्तर भी हैं। आग की वजह से कुछ न्यूज़ चैनल का प्रसारण कई घंटे तक रुका रहा।
मुम्बई में इमारत अग्निकांड मामले में पांच अधिकारी निलंबित