अहमदाबाद,नई सरकार के मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर असमंजस की स्थित बनी हुई है| आज शाम पांच बजे कैबिनेट की पहली बैठक होनी तय थी, जिसमें विभागों का बंटवारा होना था. लेकिन कुछ विभागों को लेकर अब तक दुविधा की स्थिति बनी हुई है. पांच से ज्यादा ऐसे विभाग हैं, जिन्हें किसे सौंपा जाय इस पर सहमति नहीं बन पाई है. कैबिनेट की बैठक से पहले मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के बीच बैठक हुई थी, जिसमें विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा भी हुई थी| राजस्व, वित्त, सड़क व निर्माण, गृह, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग सौंपे जाने को लेकर असमंजस बना हुआ है. हांलाकि विभागों के आवंटन से पहले मंत्रियों को उनका चैम्बर और गाड़ी आवंटित कर दी गई है. सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के बीच हुई बैठक में किस मंत्री को कौन सा विभाग आवंटित किया जाए, इस पर फैसला अब तक नहीं हुआ. जिसकी वजह से कैबिनेट की पहली बैठक में विलंब हो रहा है.