मुंबई, कमल हासन की एक्स वाइफ सारिका इन दिनों प्रॉपर्टी विवाद में उलझी हुई हैं। मामला मुंबई के जुहू में स्थित उस फ्लैट का है, जिस बिल्डिंग में गोविंदा और विवेक ओबरॉय जैसे स्टार्स भी रहते हैं। बताया जा रहा है कि यह फ्लैट सारिका ने अपने पैसे से खरीदा था, लेकिन उनकी मां ने मौत से पहले इसे डॉ. विक्रम ठक्कर के नाम कर दिया। कमल हासन से अलग होकर सारिका मुंबई में एक किराए के फ्लैट में रह रही हैं। सारिका की मां की मौत के बाद मिले डॉक्युमेंट्स से पता चलता है कि उन्होंने अपनी सारी प्रॉपर्टी डॉक्टर ठक्कर के नाम कर दी है, जिसमें जुहू का वह फ्लैट भी शामिल है, जिसे सारिका ने खरीदा था। अब खबर है कि सारिका ने इस मामले में सुपरस्टार आमिर खान से मदद मांगी है। सारिका आमिर खान की कज़न (इमरान खान की मां) के बहुत करीब हैं। उन्होंने आमिर से मिलने की सलाह दी और सारिका को यह यकीन है कि आमिर इस मामले को गंभीरता से समझेंगे और कोई रास्ता निकाल ही लेंगे। कमल हासन और सारिका के अलग रहने के मामले में भी कहा जाता है कि उनका तलाक नहीं हुआ, बस दोनों एक दूसरे के साथ नहीं रहते हैं। हालांकि, उनके बच्चे सारिका से मिलने आते रहते हैं।
कमल हासन से अलग रह रही उनकी पत्नी सारिका ने आमिर से मांगी मदद