बिलासपुर, ट्रेन के एसी कोच में अगर सांप दिख जाए तो हालत कैसी हो जाती है, इसके बारे में सोच कर ही डर लगता है। लेकिन ऐसा ही हुआ एलटीटी समरसता एक्सप्रेस में, जिसके एसी कोच में अचानक सांप निकलने से हड़कंप मच गया। उसे देखकर डरे-सहमे यात्री दहशत में कोच से बाहर निकल गए, हालांकि कुछ यात्रियों ने हिम्मत दिखाकर किसी तरह से सांप को बाहर निकाला। बता दें कि एलटीटी समरसता एक्सप्रेस में ट्रेन के एसी ए-1 कोच में वाश बेसिन के नीचे सांप कुंडली मारकर बैठा था। ज्यादातर यात्री इससे अनजान थे। भाटापारा से रायपुर के बीच अचानक इसी कोच की एक महिला यात्री की नजर सांप पर पड़ी। जैसे ही उसने सांप होने की सूचना दी, पूरे कोच में हड़कंप मच गया। रायपुर पहुंचने तक यात्रियों ने सांप से छेड़छाड़ नहीं की। रायपुर स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने के बाद सांप को नीचे गिरा दिया गया। इस घटना के बाद ट्रेन पांच मिनट की देरी से रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि कोच में निकला सांप अजगर था, जो लगभग तीन फीट लंबा था। वह हावड़ा से ही कोच में घुसा होगा, लेकिन किसी की नजर नहीं पड़ी।
ट्रेन के एसी कोच में अजगर,यात्रियों ने हिम्मत जुटाकर बाहर निकाला