नौ साल तक कोमा में रहने के बाद कांग्रेस नेता प्रियरंजन दासमुंशी का निधन

नई दिल्ली,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी का निधन हो गया है। वह पिछले नौ साल से कोमा में थे। अपने राजनीतिक जीवन में कई अहम पद संभाल चुके प्रियरंजन दासमुंशी का जन्म 13 नवंबर- 1945 को हुआ था और वह पहली बार वर्ष 1971 में दक्षिणी कोलकाता लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। उन्हें वर्ष 1985 में पहली बार राजीव गांधी मंत्रिमंडल में मंत्रिपद सौंपा गया था। प्रियरंजन दासमुंशी के परिवार में उनकी पत्नी दीपा दासमुंशी तथा पुत्र प्रियदीप दासमुंशी हैं। दीपा दासमुंशी से उनका विवाह वर्ष 1994 में हुआ था और इस समय दीपा पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट से लोकसभा सांसद हैं। प्रियरंजन दासमुंशी अंतिम बार वर्ष 2004 में रायगंज सीट से ही लोकसभा चुनाव लड़े थे और जीते थे। अक्टूबर-2008 में उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और उसके बाद से वह किसी को भी नहीं पहचान पा रहे थे और बोल भी नहीं पा रहे थे। उन्हें दिल्ली के ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ में भर्ती कराया गया था, जहां से बाद में उन्हें अपोलो अस्पताल में ले जाया गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *