मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड का विकास हुआ लेकिन यूपी वाले हिस्से का नहीं: मौर्य

सतना,उत्तरप्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बुंदेलखण्ड मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में फैला हुआ है। लेकिन मध्यप्रदेश के बुंदेलखण्ड अंचल में जनजीवन खुशहाली की ओर बढ़ा है। बिजली, पानी सड़क, स्वास्थ्य की सुविधाएं यह प्रचुर है, जबकि उत्तरप्रदेश की कोख में बुंदेलखण्ड अंचल विकास के लिए सिसक रहा है। यही भाजपा और गैर भाजपा दलों में फर्क है। अब सत्ता में आने के बाद भाजपा ने जतन आरंभ किया है, भाजपा विकास की पर्याय हैं।
मौर्य ने कहा कि चित्रकूट के दर्शनों को आता रहा हूं। आज हालात बदले हुए हैं। जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी मुझे यहां पहुंचना कष्ट साध्य होता था। समझ में नहीं आता था कि मध्यप्रदेश में सड़क में गड्ढा है या गड्ढे में सड़क है। आज मध्यप्रदेश की सड़के गुणवत्ता में किसी भी विकसित देश से मुकाबला करती हैं। मध्यप्रदेश को भाजपा सरकार ने चमन बना दिया है। यहां कृषि के क्षेत्र में उत्पादकता का कीर्तिमान बना है। विकास की दर दहाई में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *