रोहित और विराट के शतकों से टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 338 रनों का लक्ष्य दिया

कानपुर, कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा के शानदार शतकों की सहायता से यहां के ग्रीन पार्क पर आज भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 337 रन बनाये। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने 147 रन और कप्तान विराट कोहली ने 113 रन बनाये। इस प्रकार न्यूजीलैंड को जीत के लिए 338 रनों का कठिन लक्ष्य मिला है। इससे पहले न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। भारत ने शिखर धवन का विकेट शुरुआत में ही खो दिया। धवन 14 रन बनाकर आउअ हुए। इसके बाद रोहित-विराट की जोड़ी ने कीवी गेंदबाजों को जमकर पीटा। इन दोनों बल्‍लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए न केवल 230 रन की साझेदारी की बल्कि शतक भी जमाए। विराट ने इस दौरान नौ हजार रनों का आंकड़ा भी हासिल कर लिया। इन दोनों बल्‍लेबाजों के योगदान की बदौलत टीम इंडिया 50 ओवर में छह विकट पर 337 रन तक पहुंचने में सफल रही। आखिरी ओवर में टीम इंडिया ने महेन्द्र सिंह धोनी (25 रन) का विकेट गंवाया।टीम इंडिया का आखिरी विकेट 50वें ओवर की अंतिम गेंद पर केदार जाधव (18) के रूप में गिरा, दिनेश कार्तिक 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
हैरानी की बात रही कि यहां कुलदीप यादव को अपने घरेलू मैदान में एकदिवसीय खेलने का मौका नहीं मिला है। न्यूजीलैंड की ओर से पहला ओवर टिम साउदी ने किया।पांच ओवर के बाद टीम इंडिया का स्‍कोर बिना विकेट खोए 22 रन था। पारी के सातवें ओवर में टीम इंडिया को पहला झटका लगा। जब धवन (14रन, 20गेंद, तीन चौके) को टिम साउदी की गेंद पर केन विलियमसन ने कैच किया। इसके बाद 10 ओवर के बाद टीम इंडिया का स्‍कोर एक विकेट पर 34 रन था।रोहित बल्‍लेबाजी के दौरान अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कीवी गेंदबाजों के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी करते हुए बेहतरीन शॉट लगाए।
पारी के 17वें ओवर में रोहित ने अपना 35वां अर्धशतक पूरा किया। इस दौरान उन्होंने 52 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्‍का लगाया। टीम इंडिया के 100 रन 19वें ओवर में पूरे हुए। इसके बाद भी इस जोड़ी ने जोरदार बल्लेबाजी जारी करते हुए स्‍कोर को तेजी से आगे बढ़ाना जारी रखा। वहीं दूसरी ओर कीवी गेंदबाज इन दोनों के आगे बेबस दिखे। 25 ओवर के बाद टीम इंडिया ने एक विकेट पर 139 रन बना लिये थे। 28वें ओवर में रोहित ने मिचेल सेंटनर को छक्‍का जमाया। इसी के साथ वे एकदिवसीय में 150 या इससे अधिक छक्के लगाने वाले विश्व के कुछ बल्‍लेबाजों के क्लब में शामिल हो गये।
विराट ने अपना अर्धशतक 59 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से पूरा किया। इसके थोड़ी देर बाद रोहित ने साउदी की गेंद पर एक रन लेकर अपना 15वां शतक पूरा किया। इस दौरान उन्‍होंने 106 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके और दो छक्के लगाए। रोहित ने इसके साथ ही एकदिवसीय शतक के मामले में वीरेंद्र सहवाग की बराबरी कर ली।
दोनों बल्लेबाजों के बीच 200 रन की साझेदारी पूरी हुई। एकदिवसीय मैचों में रोहित शर्मा और विराट कोहली सबसे ज्‍यादा 200 रन की साझेदारी करने वाले जोड़ीदार बन गए हैं, इन दोनों ने सौरव-सचिन, गंभीर-कोहली और श्रीलंका के उपुल थरंगा और महेला जयवर्धन की जोड़ी को पीछे छोड़ा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *