छठ से ज्यादा जीवंत और प्रकृति पर ‎विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं: नीतीश

पटना,लोक आस्था के महापर्व छठ से ज्यादा जीवंत और प्रकृति के प्रति विश्वास का कोई दूसरा पर्व नहीं हो सकता। यह बात बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कही है। छठ पर्व के दूसरे दिन व्रतधारियों के खरना के तहत दिन भर उपवास रखने के बाद बुधवार देर शाम श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण के लिए मुख्यमंत्री आवास पर एक सादा समारोह में आयोजित किया गया। इसमें राज्यपाल सत्यपाल मलिक, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और अपने मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगियों सहित अन्य गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं का नीतीश ने स्वागत किया और प्रसाद के रूप में खीर और रोटी का वितरण किया।
छठ पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार की पत्नी गीता देवी, भतीजी सुनीता कुमारी, भांजे की पत्नी रेखा कुमारी और भांजी विभा कुमारी छठ पर्व मना रही हैं। नीतीश ने कहा कि बिहार में यह पर्व तो सबसे अधिक लोकप्रिय है और अब इसका आयोजन देश के कोने कोने में होने लगा है। खरना के बाद व्रर्तियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ और गुरुवार की शाम को वे अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। शुक्रवार प्रात: व्रतियों द्वारा उदीयमान सूर्यदेव को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय लोक आस्था का यह पर्व संपन्न हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *