रात के तापमान में घुली ठंड, दिन में गर्मी बरकरार

भोपाल,भोपाल और मध्यप्रदेश के अन्य भागों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन दिन का तापमान अब भी ऊपर ही बना हुआ है। राज्य के मौसम विभाग ने बताया कि अब मानसून पूरी तरह खत्म हो चुका है और अब अगले कुछ सप्ताहों में बरसात होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात के तापमान में क्रमश: गिरावट का क्रम शुरू हो गया है, लेकिन दिन के तापमान में कोई बदलाव नहीं आया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही उत्तर की दिशा से हवाएं चलनी शुरू होंगी तापमान में गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिन के तापमान में एक दो दिन में गिरावट आने का क्रम शुरू हो जाएगा। भोपाल में मंगलवार को दिन का तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। दूसरी ओर भोपाल में न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
इस बीच नगर में उत्तर-पूर्व की दिशा से हवा चल रही है और इसकी गति लगभग 14 किलोमीटर प्रतिघंटा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सभी भागों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। ग्वालियर में दिन का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था। जबकि, खजुराहो में 37.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दिनों में मौसम मुख्यरूप से शुष्क रहेगा। उन्होंने अनुमान जताया कि शहर और राज्य के अन्य भागों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 35 से 15 डिग्री सेल्शियस के बीच रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *