चुनाव से ठीक पहले गुजरात में हो गई 18 बोर्ड-निगमों में अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति

गांधीनगर, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने राज्य सरकार के विविध 18 बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों एवं सदस्यों की नियुक्ति की है। बोर्ड-निगमों में की गई नवनियुक्तियों के अनुसार गुजरात पिछड़ा वर्ग विकास निगम के अध्यक्ष के तौर पर नरेन्द्र सोलंकी को नियुक्त किया गया है जबकि भवानभाई भरवाड़ को गुजरात घेटा एवं ऊन विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुजरात नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष पद पर राजेश पाठक और बतौर सदस्य महेन्द्रभाई दरजी, रामकुभाई खाचर (थानगढ़) तथा प्रताप कोटक को नियुक्त किया गया है। इसी तरह, गुजरात राज्य पुलिस आवास निगम के अध्यक्ष पद पर डीडी पटेल को नियुक्ति दी गई है जबकि महेन्द्रसिंह सरवैया को गुजरात हाउसिंग बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गुजरात माटीकाम कलाकारी एवं ग्राम्य टेक्नोलॉजी संस्था के अध्यक्ष के रूप में दलसुख प्रजापति जबकि सदस्य के रूप में मुकेशभाई प्रजापति, मोहनभई वाड़ोरिया, वीणाबेन प्रजापति, सुरेश प्रजापति और देवेन्द्र प्रजापति (गांधीनगर) को नियुक्त किया गया है।
गुजरात राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष के तौर पर कुशळसिंह पढेरिया तथा सदस्य के रूप में चिथरभाई परमार, अशोकभाई परदेशी, अशोकभाई डग्गर, वर्षाबेन राणा, महादेवभाई रबारी, विजयभाई वणझारा, मोमैयाभाई गढवी, अशोकभाई गोहिल, सरदारभाई ओड और भरतभाई गोडलिया की नियुक्तियां की गई है। वहीं, मेघजीभाई कणजारिया को गुजरात ग्राम्य उद्योग बजार लि. का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बळवंत सिंह राजपूत को गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है जबकि पेथाभाई आहिर और हेमंत परसोडा सदस्य नियुक्त किए गए हैं।
वहीं, राजशी जोटवा को गुजरात राज्य बीज निगम, मगनभाई माळी को गुजरात वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन, गौतम गेडिया को बेचर स्वामी अति पिछड़ी जाति विकास बोर्ड, सरदारसिंह बारैया को सरदार पटेल सहभागी जलसंचय योजना गुजरात क्षेत्र तथा लक्ष्मण पटणी को विचरती विमुक्त जाति निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
गुजरात मेरीटाइम बोर्ड के सदस्य के रूप में किशोर कुहाड़ा की नियुक्ति के अलावा गुजरात हथकरघा एवं हस्तकला विकास निगम के अध्यक्ष के तौर पर शंकरभाई दलवाड़ी को नियुक्त किया गया है। वहीं, गुजरात राज्य अनारक्षित वर्ग आयोग के अध्यक्ष पद पर हंसराजभाई घुसाभाई गजेरा और उपाध्यक्ष के तौर पर रश्मिभाई पंड्या तथा बतौर सदस्य नरेन्द्रभाई शाह, हसुभाई भगदेव एवं प्रदीपसिंह वाघेला को नियुक्त किया गया है। गुजरात राज्य अनारक्षित वर्ग शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में बीएच घोड़ासरा और उपाध्यक्ष पद पर विमल दिनेशचंद्र उपाध्याय तथा सदस्य के तौर पर रुपिन पच्चीगर, करणसिंह चावड़ा, हिमांशु खमार, जगदीश भावसार और श्रीमती अमीबेन परीख की नियुक्ति की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *