नवविवाहिता को हाथ-मुंह बांधकर बनाया बंधक और घर में लगाई आग

चिचोली/बैतूल ,चिचोली में एक नवविवाहिता को सोमवार दोपहर तीन अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर जान से मारने का असफल प्रयास किया। चार माह पहले शादी होकर मलाजपुर ससुराल आई एक नवविवाहिता को सोमवार दोपहर तीन अज्ञात लोगों ने घर में घुसकर जान से मारने का असफल प्रयास किया। अज्ञात आरोपी जब महिला को मारने में कामयाब नहीं हो सके तो उन्होंने जाते-जाते महिला के हाथ और मुंह बांधकर घर में आग लगा दी। घटना के दौरान महिला घर पर अकेली थी। पड़ोसियों की मदद से महिला को स्वास्थ्य केंद्र चिचोली में भर्ती कराया गया। आरोपी कौन थे और वे किस मकसद से आए थे यह अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि महिला हादसे की वजह से सदमे के कारण बेहोश है। होश आने पर पूछताछ किए जाने के बाद ही घटना के बारे में और अधिक जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोपहर साढ़े तीन बजे दिया घटना को अंजाम
आरोपियों ने दोपहर साढ़े तीन बजे के लगभग घटना को अंजाम दिया। उस वक्त घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। २१ वर्षीय प्रियंका घर पर अकेली थी। आरोपी पिछले की दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे थे। सभी के चेहरे रूमाल से ढके हुए थे। तीनों आरोपियों ने घर में घुसकर सीधे प्रियंका पर हमला बोल दिया। आरोपी प्रियंका को जान से मारने की नियत से आए थे लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं हो पाए। प्रियंका ने किसी तरह से अपनी जान बचाई, लेकिन आरोपियों ने जाते-जाते प्रियंका के मुंह और हाथों को कपड़े से बांध दिया था और घर में केरोसिन डालकर आग लगा दी। तीनों आरोपी पीछे की दीवार फांदकर ही भाग निकले। पड़ोसियों द्वारा आरोपियों को भागते हुए भी देखा गया। घर में आग लगी देख पड़ोसी तत्काल अंदर पहुंचे और बेहोश हालत में पड़ी प्रियंका को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले आए। आरोपी कौन थे और वे प्रियंका की जान क्यों लेना चाहते थे फिलहाल यह पता नहीं चल सका है। पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों को पकडऩे की कोशिश कर रही है। टीआई प्रवीण कुमरे ने बताया कि प्रियंका हादसे की वजह से सहम गई है। अस्पताल में वह बेहोश हालत में भर्ती है इसलिए उससे घटना के संबंध में पूछताछ नहीं हो सकी है। प्रियंका के बयान होने के बाद ही हकीकत के बारे में पता चल पाएगा। इधर बताया गया कि प्रियंका के पति दीपक मोहबे बाहर बैंक में नौकरी करते हैं और प्रियंका अपने सास, ससुर और देवर के साथ रहती है। घटना के दौरान तीनों घर से बाहर गए हुए थे। जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *