दुमका, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर में जल्द शुरु होगी छोटी विमान सेवा

रांची,मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के विभिन्न जिलों में हवा सेवा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दुमका, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर में जल्द से जल्द छोटी विमान सेवा शुरु होगी इस हेतु राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। जरुरत पड़ने पर सीटों की अंडरटेकिंग भी लेगी। इसके लिए व्यापारिक संगठनों से भी मदद ली जायेगी। विमान सेवा शुरु होने से राज्य के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। व्यापारियों का समय बचेगा, वहीं लोगों को रोजगार भी मिलेगा। व्यवसाय बढ़ेगा। अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। वे आज झारखंड मंत्रालय में केंद्रीय विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा के साथ राज्य में विमान सेवाओं को बढ़ाने के संबंध में हु बैठक में यह बातें कहीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 1000 दिनों में विमान यात्रियों का संख्या पांच लाख से बढ़ कर 15 लाख तथा फ्लाइटों की संख्या 8 से बढ़कर 24 प्रतिदिन हो गयी है। इससे पता चलता है कि राज्य में विमान यात्रियों की संख्या किस तेजी से बढ़ी है। दुमका के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सस्ती विमान सेवा मिलने से लोगों को सहूलियत होगी।
बैठक में बताया गया कि बोकारो और जमशेदपुर से जल्द विमान सेवा शुरु की जायेगी। इसके लिए प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दुमका के लिए भी छोटे विमान उड़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। देवघर एयरपोर्ट के लिए नवंबर में शिलान्यास कराया जायेगा। इसके निर्माण में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत आयेगी। इसके अलावा जमशेदपुर के निकट धालभूमगढ़ और पलामू के चिंयाकी में भी विमान सेवाओं के लिए प्रक्रिया शुरु कर दी गयी है।
जयंत सिन्हा ने बताया कि रांची एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए अगले साल मध्य में शिलान्यास किया जायेगा। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जायेगा। रांची से पारसनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरु की जा सकती है। बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु पारसनाथ जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *