चेन्नई,तमिल सुपरस्टार कमल हासन ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह भारतीय जनता पार्टी के साथ भी हाथ मिलाने को तैयार हैं।कमल हासन ने कहा राजनीति में कोई अछूत नहीं होता है।कमल हासन ने कहा अगर लोगों की भलाई के लिए जरूरत पड़ी तो मैं बीजेपी के साथ भी जा सकता हूं।बीते दिनों आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने के कयास लगाए जा रहे हैं|
कमल हासन ने कहा वह नहीं जानते हैं कि उनकी विचारधारा बीजेपी की विचारधारा से मेल खाती है या नहीं।लेकिन अगर राज्य के लोगों की भलाई के लिए बीजेपी से जुड़ना पड़ा तो इसमें उन्हें कोई आपत्ति नहीं दिखाई देती।गौरतलब है कि इससे पहले उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही राजनीति में अपने प्रवेश को लेकर ऐलान करेंगे।उन्होंने कहा था कि अगर कुछ अच्छा करने के लिए अभिनय छोड़ना पड़ेगा, तो वह अभिनय को छोड़ देंगे।
कमल हासन ने हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी।केजरीवाल खुद उनके चेन्नई आवास पर पहुंचे थे।केजरीवाल से मिलने के बाद कमल हासन ने कहा था कि हम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के लिए एकजुट हुए हैं।इसके बाद से ही उनके राजनीति में आने के कयास लगाए जाने लगे हैं।
\
लोगों की भलाई के लिए भाजपा से जुड़ने में कोई गुरेज नहीं : कमल हासन