इन्दौर, उ.प्र. के नगरीय विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ‘स्वच्छता सर्वेक्षण 2017’ में देश में नवम्बर-1 आए म.प्र. के इन्दौर शहर की सफाई व्यवस्था देखने अपने अधिकारियों के साथ यहां आये। सोमवार को नगर निगम कमिश्नर मनीष सिंह ने उन्हें इन्दौर की सफाई व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री खन्ना को मंगलवार को रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का अवलोकन कराया गया, वहीं बुधवार को सुबह प्रात:कालीन ‘डोर टू डोर’ कचरा संग्रहण व्यवस्था दिखाई गई। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शहर में कराये जा रहे कार्यों का अवलोकन कराया गया है। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इन्दौर की सफाई व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों के सहयोग और निगम कमिश्नर मनीष सिंह द्वारा किये गये प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्दौर जैसी सफाई व्यवस्था उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों में प्रायोगिक तौर पर लागू करेंगे।
मंत्री खन्ना ने कहा कि इन्दौर में निगम के वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिकारियों का महापौर व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ आपसी समन्वय प्रशंसनीय है। एनजीओ और सफाई कर्मचारियों के कार्य की भी उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि इन्दौर जैसी व्यवस्था हम उत्तरप्रदेश में लागू करने का प्रयास करेंगे। प्रारंभिक चरण में कुछ शहरों में प्रायोगिक तौर पर इस व्यवस्था को लागू करने की दिशा में जल्द प्रयास शुरू करेंगे, व्यवस्था को व्यापक जनसमर्थन मिला, तो अन्य स्थानों पर भी इसे लागू किया जायेगा।
मंगलवार शाम इन्दौर पहुंचे मंत्री खन्ना को सीधे रेसीडेंसी कोठी में ठहराया गया, वहां उन्हें सफाई व्यवस्था पर एक वीडिया फिल्म व प्रेजेंटेशन के जरिए इन्दौर की सफाई व्यवस्था की जानकारी दी गई। रात्रि भोज के बाद करीब 11.30 बजे मंत्रीजी का काफिला इन्दौर की सड़कों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के लिए निकला, भँवरकुआं चौराहा क्षेत्र में स्वीपिंग मशीनों से की जा रही सड़कों की सफाई का अवलोकन कराया गया, उसके बाद नंदलालपुरा सब्जी मंडी से निकलने वाले वेस्ट से खाद बनाने के संयंत्र का अवलोकन कराया गया। रात्रि में ही मंत्रीजी इन्दौर की मशहूर सराफा चौपाटी भी गये, वहां उन्होंने रात्रिकालीन कचरा संग्रहण की व्यवस्था देखी और व्यापारियों व दुकानदारों से चर्चा की। बुधवार को मंत्री खन्ना ने महापौर मालिनी गौड़ से मुलाकात की, इस दौरान उन्होंने देश में इन्दौर को नम्बर वन आने पर महापौर को बधाई भी दी। मंत्री खन्ना और उनके अधिकारियों बुधवार को शहर के कई क्षेत्रों में प्रात:कालीन सफाई व्यवस्था का अवलोकन कराया गया। साथ ही शहर को कचरा पेटी मुक्त कर निगम द्वारा छोटे वाहनों से डोर टू डोर कचरा संग्रहण कराए जाने की व्यवस्था की जानकारी देते हुए अवलोकन कराया गया। सीधे वाहनों के जरिए गीला और सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करने की प्रक्रिया और उसके निपटान की व्यवस्था देखी। निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक, दरोगा व सफाई कर्मचारियों की भूमिका की भी जानकारी दी गई। उन्होंने नागरिको से भी पूछा कि पहले आप कचरा कहां व कैसे डालते थे व वर्तमान में आप कचरा कहां देते है। निगम द्वारा डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहन के रूट चार्ट का भी अवलोकन किया गया तथा कचरा संग्रहण से संबंधित जानकारी की बुकलेट भी अपने साथ ले गये।
मंत्रीजी को इस नगर निगम के वर्कशॉप का भी अवलोकन कराया गया। मंत्री खन्ना को खजराना मंदिर भी ले जाया गया, जहां गणेशजी के दर्शन उपरांत मंदिर से निकलने वाले फूलों से खाद बनाने के संयंत्र का अवलोकन भी कराया गया।
UP के नगरीय विकास मंत्री ने देखी इन्दौर की सफाई व्यवस्था UP में भी लागू होगी ऐसी ही व्यवस्था