इंदौर, आस्ट्रेलियाई टीम के ओपनर डेविड वार्नर ने इंदौर में रविवार को होने वाले तीसरे एक दिवसीय मुकाबले की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में बाएं हाथ के आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा शीर्ष क्रम पर की गई निराशाजनक बल्लेबाजी ने अब तक के मुकाबलों में हमारे प्रदर्शन को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा हमारी टीम के कई खिलाड़ी भारतीय फिरकी गेंदबाजों की रणनीतियों को समझ सकते थे, लेकिन पता नहीं किन वजहों से वे ऐसा नहीं कर सके। जिसकी वजह से दोनों शुरूआती मुकाबलों में नतीजा हमारे विपरीत आया। डेविड वार्नर ने कहा यह तो संभव है कि कुछ आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को सीम दिखाई नहीं दे, लेकिन सामुहिक रूप से सभी बल्लेबाज ऐसा ही करेंगे, इसे स्वीकार करना कठिन है। वार्नर ने कहा जब आप लगातार विकेट खो रहे हों, तो आपको स्पिन के खिलाफ एक रणनीति बनानी पड़ती है। इंदौर में रविवार को होने वाले एक दिवसीय मुकाबले के पूर्व आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए वार्नर ने कहा कि ऐसी स्थिति में दबाव की रणनीति पर अमल करना हमेशा ही ज्यादा फायदेमंद होता है। किसी मुकाबले में जब आप अच्छी शुरूआत करते हैं और मुकाबले में स्पिनर हों तो स्थितियां बिल्कुल अलग हो जाती हैं। यह पूछे जाने पर कि आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के लिए तकनीकी वजहें जिम्मेदार हैं या फिर मानसिक दवाब, वार्नर ने कहा विपरीत परिस्थियां खराब प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार हो सकती हैं, लेकिन टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों को इस आधार पर बचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी तेज और उछाल वाली पिचों पर खेलने के आदी हैं। वे भारतीय उप महाद्वीप की परिस्थितियों में पहली सीरीज में खेलते हैं तो माना जा सकता है कि उन्हें परेशानी होगी। लेकिन अगर आप इस परिस्थिति में पहले खेल चुके हैं, तो फिर खराब प्रदर्शन के लिए की जाने वाली बहानेवाजियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। वार्नर ने कहा वरिष्ठ खिलाड़ियों को हरहाल में परिस्थिति से समायोजन करना आना चाहिए।
उन्होंने कहा मैंने, स्टीव स्मिथ, पीटर हैंड्सकांब, सारकस स्टोइनिस, जेम्स फाकनर, ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू वाडे ने आईपीएल और राष्ट्रीय टीम के मुकाबलों में भारतीय परिस्थितियों में बहुत सारे मैच खेले हैं। वार्नर ने कहा इन खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन आश्चर्य में डालने वाला है। वार्नर ने कहा जब ऊपर के कुछ विकेट गिर जाते हैं, तो निचले क्रम पर अनावश्यक दबाव निर्मित हो जाता है। जिसका तकनीक, फुटवर्क और बेहतर खेल रणनीति के सहारे ही मुकाबला किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में आपको गेंदबाज की रणनीतियों को समझते हुए बेहतर स्ट्रोक, टाइमिंग और पैरों के इस्तेमाल से क्रीज पर बने रहने की युक्तियां सोचनी होती हैं। एक वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में आपको ऐसी परिस्थितियों से उबरने की कला हर हाल में आनी चाहिए। टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों से सक्रिय योगदान का आग्रह करते हुए वार्नर ने कहा ऐसी स्थिति में आपको पता होना चाहिए कि बाउन्ड्री लगाकर कैसे गेंदबाज की लय तोनी है या एक रन लेकर स्ट्राइक किस तरह बदली जाए। आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान वार्नर ने कहा कोलकाता में खेले गए दूसरे एक दिवसीय मुकाबले में स्मिथ और स्टोइनिस के बीच अच्छी साझेदारी हुई, लेकिन मध्यमक्रम के बल्लेबाज ढ़ह गए। जिसकी वजह से हमने यह मुकाबला गवां दिया। हम दोनों मुकाबलों के शुरूआती ओवरों में गेंदबाजों पर दबाव नहीं बना पाए, जो हमारी बड़ी रणनीतिक कमजोरी साबित हुई।
अपने प्रदर्शन पर वार्नर ने कहा हालांकि वह अब तक के दो मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपना प्रदर्शन सुधार लेंगे। अब तक खेले गए दो एक दिवसीय मुकाबलों में वार्नर ने 25 और एक रन बनाया है। वार्नर ने कहा अगर हमारे पास निराशाजनक प्रदर्शन का कोई उत्तर होता तो हम निश्चित ही जीत रहे होते। हमें अपनी बैटिंग पर ध्यान देने की जरूरत है। ऐसी परिस्थिति में दूसरा कोई विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने कहा हमें सन 2019 में होने वाले विश्वकप मुकाबले के लिए बेहतर संभावनाओं वाली टीम का चुनाव करना होगा।
अच्छी शुरूआत,भारतीय फिरकी गेंदबाजी का अच्छा जवाब साबित होगी : वार्नर