चुनाव जीतने के लिये तिजोरी को ‘तबाह’ करती थीं पिछली सरकारें-मोदी

वाराणसी,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सरकारी तिजोरी को चुनाव जीतने के कार्यक्रमों में ‘तबाह’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार की कोशिश है कि गरीब की जिंदगी में बदलाव लाने के अवसर तैयार करने वाले सपने साकार हों। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान आखिर विकास में ही है। पहले ऐसी सरकारें आयीं, जिनमें विकास से नफरत जैसा माहौल था। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया देख रही है कि भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। भारत बदल रहा है। हमें पूर्वी उत्तर प्रदेश को भी बदलना है। जैसी पश्चिम की ताकत है, वैसे ही पूरब की भी ताकत हो।
प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र में शुक्रवार को यहां करीब एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर अपने सम्बोधन में उन्हांेने कहा कि हमारी कोशिश है कि विकास के वे सपने साकार हों, ताकि गरीब की जिंदगी में बदलाव लाने का अवसर तैयार हो। उन्होंने कहा कि आप किसी भी गरीब से बात कीजिये, उससे पूछिये कि आपने जैसी जिंदगी गुजारी, क्या आप अपने बच्चों के लिये भी वैसी ही जिन्दगी पसंद करेंगे। गरीब से गरीब व्यक्ति भी कहता है कि मेरे नसीब में जो था, मैंने भुगता लेकिन मैं नहीं चाहता हूं कि मेरी आने वाली पीढी ऐसी गरीबी की जिंदगी जीने को मजबूर हो। किसी गरीब के दिल में अपनी संतानों को विरासत में गरीबी देने की इच्छा नहीं है। हर गरीब का अपनी भावी पीढ़ी के लिये जो सपना है, वही सपना मेरी सरकार का भी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार यही प्रयास कर रही है कि सारी योजनाएं ऐसी हों, जो समाज के हर तबके में सशक्तीकरण लाएं। आज देश तेज गति से प्रगति कर रहा है। यह विकास गरीब और मध्यम वर्ग के कल्याण को केन्द्र में रखकर हो रहा है। अनेक साहसपूर्ण कदम उठाये जा रहे हैं और 20-25 साल से लटके मुद्दों का निपटारा बड़ी हिम्मत से किया जा रहा है। हिम्मत से फैसले किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि यहां के आर्थिक और सामाजिक जीवन तथा मूलभूत ढांचे में बदलाव लाने के लिये यह योजनाएं काम आएंगी।
श्री मोदी ने कहा कि आज एक ही कार्यक्रम में एक ही मंच से एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा लागत के कई प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ है। मैं उत्तर प्रदेश सरकार का भी बहुत आभारी हूं कि उन्होंने बनारस के विकास के लिये पूर्वी भारत के विकास के हमारे सपने में बहुत बड़ी भूमिका निभायी है और उसमें राज्य सरकार भी अभिनन्दन की अधिकारी है। उन्होंने कहा कि आज करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से वस्त्र मंत्रालय द्वारा जिस प्रकल्प का लोकार्पण हो रहा है, मैं नहीं मानता हूं कि पिछले कई दशकों में बनारस की धरती पर इतने बड़े किसी प्रकल्प की योजना साकार हुई होगी। जिस प्रकल्प का शिलान्यास हम करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं. वरना राजनीतिक हिसाब किताब से शिलान्यास होते रहते हैं, योजनाएं लटकती रहती हैं। उन्होंने कहा कि जब वह वाराणसी से सांसद बनने के बाद बुनकरों से बात कर रहे थे, तब उनमें से बहुतों ने कहा कि उनके बच्चे उनके पुश्तैनी काम से नहीं जुड़ना चाहते। तभी लगा कि इतना बड़ा आर्थिक गतिविधि का हथियार अगर हमारे परिवारों से छूट जाएगा तो इतिहास हमें कभी माफ नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि इसलिये 300 करोड़ की लागत से बनी यह इमारत, केवल इमारत नहीं है, बल्कि भारत के सामर्थ्य का परिचय कराने वाली है। यह हमारे काशी क्षेत्र के शिल्पकारों, बुनकरों की ऐसी कथा को संजोये है जो भविष्य के नये दरवाजे खोलने की ताकत रखती है। यहां के आटोरिक्शा चालाकों से आग्रह करुंगा कि काशी में अगर कोई पर्यटक आता है तो आग्रह करके उसे यहां जरुर ले आयें और एक ही जगह पर काशी क्षेत्र के सामर्थ्य का परिचय करायें. इससे काशी के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और यह एक नई आर्थिक गतिविधि का केंद्र बनेगा।
वहीं प्रधानमंत्री ने कहा कि वडोदरा और वाराणसी दोनों ही स्थानों से उन्होंने लोकसभा चुनाव भारी मतों से जीता था। जब एक सीट छोड़ने की बात आयी तो उन्होंने सोचा कि बड़ोदरा को आगे बढ़ाने के लिये वहां उनके बहुत से साथी हैं, लेकिन काशी के लिये अगर समय लगाते हैं तो शायद उनके जीवन को संतोष होगा। इसलिये उन्होंने काशी की सेवा को चुना। आज खुशी है कि वडोदरा और बनारस को महामना एक्सप्रेस से जोड़ा जा रहा है। यह रेलगाड़ी बडोदरा से सूरत होते हुए बनारस पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि गुजरात से कपड़ा सबसे पहले अहमदाबाद से चलता हुआ बनारस आया था। आज महामना एक्सप्रेस से इसे वडोदरा से जोड़ा जा रहा है। यह ऐसी रेल की व्यवस्था है जिसका सीधा सम्बन्ध आर्थिक गतिविधि के साथ ज्यादा है।

दुनिया भारत की विशेषताओं के प्रति आकर्षित हो रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस के टैक्सी ड्राइवरों से आग्रह किया है कि वह आने वाले टूरिस्टों का भारत के सामर्थ्य से परिचय कराएं। उन्होंने कहा “विदेशी टूरिस्ट आएगा तो यहां से कुछ न कुछ लेकर जाएगा। यह म्यूजियम काशी के टूरिज्म को बढ़ावा देगा। जो यहां आएंगे वहा काशी के सामर्थ्य को जानेंगे। काशी के कला कौशल को बल मिलेगा। आर्थिक गतिविधि का यह केंद्र बनेगा।”
प्रधानमंत्री ने जुलाहों और हथकरघा उद्योग में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए ट्रेड सेंटर के दूसरे चरण की शुरुआत करने के साथ ही एक सभा को भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिनों के दौरे पर हैं। इस दौरान वह कई इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन करेंगे। साथ ही कई सभाएं भी करेंगे। प्रधानमंत्री ने जुलाहों और हथकरघा उद्योग में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए दीनदयाल हस्‍तकला संकुल ट्रेड सेंटर के दूसरे चरण की शुरुआत की।
बनारस में पीएम ने कहा ” दुनिया भारत की विशेषताओं के प्रति आकर्षित हो रही है। 300 करोड़ रुपये की बनी यह इमारत भारत के समार्थ्य का परिचय कराने वाली इमारत है। यहां के शिल्पकारों के सामर्थ्य का परिचय कराती है। जो यहां आएंगे वहा काशी के सामर्थ्य को जानेंगे। काशी के कला कौशल को बल मिलेगा। आर्थिक गतिविधि का यह केंद्र बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *