गुरुग्राम,प्रद्युम्न की हत्या के आरोपी कंडक्टर अशोक का परिवार मामले की सीबीआई जांच किए जाने के फैसले से बेहद खुश है। आरोपी के परिवार का कहना है कि अब सीबीआई जांच से सारी सच्चाई सामने आ जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने एक ऐसे शख्स के बारे में बताया है जो हत्या के बाद तो मौजूद था लेकिन पुलिस की जांच में वह कहीं नहीं है। बता दें कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर प्रद्युम्न के परिवार से मिलने उसके घर पहुंचे थे। वहीं उन्होंने प्रद्युम्न की हत्या की सीबीआई जांच की बात कही थी।
अशोक की पत्नी अपने पति से मिलने गई थी। अशोक पत्नी को देखते ही रोने लगा और सबसे पहले बच्चों के बारे में पूछा कि वो कैसे हैं। वहीं अशोक की भाभी ने बताया कि वह भी अशोक से मिलने गई थीं और उसकी पत्नी तो बेहोश हो गई थी। लेकिन अशोक ने इशारों-इशारों में उन्हें बताया कि उसे कहां-कहां मारा गया है। उन्होंने बताया कि उसे करंट व नशे का इंजेक्शन भी दिया गया है। यहीं नहीं अशोक की भाभी ने तो ये भी बताया कि जिस दिन वारदात हुई वो बाथरूम में गया था। वहां प्रद्युम्न के अलावा दो और बच्चे भी थे, जो कराटे के कपड़े बदल रहे थे। वहां से अशोक बाहर पानी पीने के लिए वाटर कूलर के पास गया और जब पानी पीकर आगे बढ़ा तो उसे एक टीचर ने आवाज लगाई। टीचर चिल्लाई कि अशोक इस बच्चे को क्या हो गया है? इसे जल्दी उठाओ। अशोक की भाभी का कहना है कि अशोक ने उन्हें बताया है कि जिस वक्त टीचर ने उसे आवाज लगाई उस वक्त वहां प्रिंसिपल, एक टीचर और एक छह फुट लंबा काला चश्मा पहने हुए एक आदमी खड़ा था। भाभी बोली कि इस काले चश्मे वाले शख्स के बारे में पुलिस ने अब तक कुछ पता नहीं किया है कि वह कौन था। अशोक ने अपनी भाभी को भरोसा दिलाया है कि अब वह कोर्ट में सच बोलेगा क्योंकि पहले पुलिस उसे टॉर्चर कर रही थी लेकिन अब उसे कोई डर नहीं है।
प्रद्युम्न की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से एक और सच आया सामने, ऐसे हुई मौत
गुरुग्राम के रायन इंटरनेशनल स्कूल में ८ सितंबर को हुई प्रद्युम्न ठाकुर की हत्या मामले में अब उसकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एक और सच सामने ला रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार प्रद्युम्न की मौत सदमे और हैमरेज से हुई थी। रिपोर्ट यह भी कहती है कि उसकी मौत का कारण किसी धारदार हथियार से किए गए वार से भी हुई है क्योंकि जिस तरह से वार किया गया वो सामान्य रूप से किसी की भी मौत के लिए काफी है। वहीं रायन स्कूल के दोबारा खुलने के बारे में जब गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर से पूछा गया तो वो बोले कि उम्मीद है कि सोमवार तक स्कूल दोबारा खुल जाएगा और स्कूल का अधिग्रहण भी सरकार कर लेगी। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा ना हो इसके लिए स्कूल में बैठक भी होगी। इस बैठक में सेफ्टी गाइलाइन्स पर बातचीत होगी और निर्देश दिए जाएंगे।