श्रीनगर,हज यात्रियों को जेद्दा से श्रीनगर लेकर आ रही विशेष उड़ानों को नई दिल्ली में विलंब होने के बाद आज शाम रद्द कर दिया गया, जिसके बाद हज यात्रियों के परिवारवालों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। हवाई अड्डे पर हंगामा कर रहे लोगों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया की उड़ानों को उस समय रद्द करना पड़ा, जब उड़ान को डीजीसीए ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति देने से मना कर दिया। उन उड़ानों में जेद्दा से वापस लौटने वाले हजयात्री सवार थे।
सालाना तीर्थ यात्रा की समाप्ति के बाद हज यात्रियों की आज से वापसी शुरू हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही विमानों को नयी दिल्ली हवाई अड्डे पर विलंब हो गया था। एक विमान ने जब दिल्ली से उड़ान भरी तो विमान को वापस जाने के लिए कह दिया गया, जब वह दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम के ऊपर था। एक एयरलाइन अधिकारी ने बताया कि उड़ान इसलिए नयी दिल्ली लौट गई क्योंकि डीजीसीए ने उसे उतरने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने बताया कि एयरलाइन श्रद्धालुओं के कल श्रीनगर पहुंचने के लिए व्यवस्था कर रही है। जब हवाई अड्डे पर प्रतीक्षा कर रहे हज यात्रियों के परिजनों को उड़ानें रद्द होने की जानकारी मिली तो उन्होंने विरोध शुरू कर दिया। हवाई अड्डे पर हंगामा कर रहे लोगों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
हज यात्रियों को लेकर आ रही उड़ानें रद्द, हंगामा कर रहे परिजनों पर लाठीचार्ज