नई दिल्ली,फ्लाइट में सफर के दौरान किसी भी तरह की अभद्रता करने पर अब हवाई यात्रा पर आजीवन प्रतिबन्ध लग जाएगा। नागर विमानन मंत्रालय ने अभद्र व्यवहार करने वाले यात्रियों की तीन श्रेणियों की सिफारिश की है जिनके तहत हवाई यात्रा के दौरान अभद्र व्यवहार करने वाले यात्रियों पर तीन महीने से लेकर पूरी उम्र तक का उड़ान प्रतिबंध लगाया जाएगा।
नागर विमानन मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि मंत्रालय ने अभद्र व्यवहार करने वाले यात्रियों की उक्त तीन श्रेणियों में अलग-अलग अवधि वाला उड़ान प्रतिबंध होगा। अभद्र व्यवहार की पहली श्रेणी के तहत मौखिक रूप से उत्पीड़न करने का मामला आएगा और इसके लिए तीन महीने का उड़ान प्रतिबंध होगा। दूसरी श्रेणी के तहत शारीरिक रूप से दुर्व्यवहार करने का मामला आएगा जिसमें छह महीने का उड़ान प्रतिबंध होगा। अधिकारियों ने बताया कि तीसरी श्रेणी के तहत जानलेवा व्यवहार आएगा और इसमें दो साल या बिना किसी सीमा के इससे अधिक अवधि का प्रतिबंध होगा।
मंत्रालय द्वारा बनाए गए तंत्र के अनुसार विमान के पायलट इन कमांड द्वारा किसी यात्री के बारे में शिकायत किए जाने के बाद एयरलाइन की आंतरिक समिति मामले की जांच करेगी और 30 दिन की अवधि के भीतर प्रतिबंध की अवधि पर फैसला करेगी। यदि समिति इस अवधि में फैसला देने में विफल रहती है तो यात्री उड़ान के लिए स्वतंत्र होगा।
तीन स्तरों पर जारी किए नियम
हवाई जहाज में सफर के दौरान कई नेताओं और यात्रियों द्वारा स्टाफ के साथ बदसलूकी की खबरें आम हैं। इन घटनाओं पर सरकार ने सख्ती अपनाई है। मोदी सरकार ने शुक्रवार को हवाई जहाज में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 3 स्तर की की आपराधिक कैटेगरी वाले नियम बनाए हैं, जिसके बाद अगर कोई भी व्यक्ति इन अपराधों को करता पाया जाता है तो उसका नाम हवाई यात्रा की लिस्ट से हटाकर नो फ्लाई लिस्ट में डाल दिया जाएगा।
प्रथम श्रेणी
गलत तरीके से शारीरिक इशारा, गाली-गलौच और किसी भी प्रकाश का नशा करने वाले। इन अपराधों को करने वाले यात्रियों पर तीन माह का बैन लगाया जाएगा।
दूसरी श्रेणी
शारीरिक घृणात्मकर व्यवहार (धक्का देना, लात मारना और गलत ढंग से छूना) शामिल हैं। ऐसे यात्री 6 महीने हवा में नहीं उड़ पाएंगे
तृतीय श्रेणी
एयरक्राफ्ट को नुकसान पहुंचाना, किसी को जान से मारने की धमकी देना, मारपीट करना। ऐसा करने वाले 2 साल तक हवाई जहाज में नहीं उड़ पाएंगे।
विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि नो फ्लाय लिस्ट को बनाने के पीछे हमारा उद्देश्य केवल यात्रियों की रक्षा और सुरक्षा करना है। गौरतलब है कि शिवसेना नेता रविंद्र गायकवाड़, टीडीपी सांसद जेसी दुवाकर रेड्डी ने विगत दिनों विमान में हंगामा मचाया था।