इस्लामाबाद,पाकिस्तानी कैबिनेट ने म्यांमार में निर्दोष रोहिंग्या मुस्लिमों की हत्या की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव में नोबेल पुरस्कार विजेता आंग सान सू की से म्यांमार में किये जा रहे अत्याचारों को रोकने के लिए तुरन्त कदम उठाने का आह्वान किया गया है।
म्यांमार में सू की की पार्टी सत्ता में है। इस मसले पर प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई। प्रस्ताव में कहा गया कि निहत्थे नागरिकों के खिलाफ की जा रही क्रूर कार्रवाई न केवल सरकारी आतंकवाद है, बल्कि देशों और समाजों के सामूहिक मानव विवेक पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है। प्रस्ताव में संयुक्त राष्ट्र से म्यांमार में तुरन्त हिंसा रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की गयी है। म्यांमार के राखिन प्रांत में 25 अगस्त को फिर से हिंसा भड़क उठी। उस दिन रोहिंग्या लोगों ने कई पुलिस चौकियों पर हमला किया और सेना की जवाबी कार्रवाई में कम से कम चार सौ लोगों की मौत हो गई। सैनिकों और सशस्त्र निवासियों पर रोहिंग्या मुस्लिम पुरूषों और महिलाओं तथा बच्चों की हत्या का आरोप है।
पाक संसद में रोहिग्या मुस्लिमों की हत्या के विरोध में प्रस्ताव पारित