भाजपा की रैलियों पर खर्च का ब्यौरा मांग कर दिखाए आयकर विभाग : तेजस्वी

पटना,आयकर विभाग पर पक्षपाती होने का आरोप लगाते हुए राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा आयकर विभाग ने भाजपा की भव्य रैलियों का खर्च कभी नहीं मांगा, लेकिन वह बीते दिनों पटना में आयोजित भाजपा बचाओ, देश बचाओ रैली के खर्च को लेकर परेशान है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा राजद एक साल में जितनी रैलियां करता है, उसके बरअक्स भाजपा कई गुना ज्यादा रैलियां आयोजित करता है। उन्होंने कहा क्या आयकर विभाग के पास इतनी हिम्मत है कि वह भाजपा से रैलियों पर किए जाने वाले बेशुमार खर्च का ब्यौरा मांग सके? उन्होंने कहा राजद को अगर 27 अगस्त को आयोजित की गयी रैली के खर्च को लेकर आयकर विभाग से कोई नोटिस मिलता है, तो वह उसका जवाब देगा। उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि आयकर विभाग ने रैली को लेकर कोई नोटिस दिया है या नहीं। राजद नेता ने कहा हो सकता पार्टी अध्यक्ष को नोटिस मिला हो। संपर्क किए जाने पर आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *