बिहार में बाढ़ का तांडव जारी, अब तक 418 लोग मरे

पटना, बिहार में बाढ़ से शुक्रवार को 39 लोगों की मौत होने के साथ ही बाढ़ से अब तक मरने वालों की संख्या बढ़ कर 418 हो गई है। दूसरी ओर बाढ़ग्रस्त पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी स्थितियां गंभीर बनी हुई हैं। बिहार के बाढ़ प्रभावित 19 जिलों के 1.67 करोड़ से अधिक लोग बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। दूसरी ओर, असम और पश्चिम बंगाल में बाढ़ प्रभावित इलाकों में जल स्तर घटने से स्थिति में सुधार आया है।
बाढ़ की वजह से होने वाले हादसों से पश्चिम बंगाल में 90 लोगों की जानें जा चुकी हैं। जबकि, असम में 156 और उत्तर प्रदेश में 72 लोगों की मौत हो चुकी है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। यहां के 25 जिलों में 3,000 से ज्यादा गांवों में 24 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ज्यादा जलभराव वाले इलाकों के 57,000 से ज्यादा लोगों ने राहत शिविरों में शरण ले रखी है। पूर्वी और तराई के क्षेत्रों में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। उत्तर बंगाल में जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरदुआर, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और माल्दा में स्थिति में सुधार हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया स्थिति दिन प्रतिदिन सुधर रही है। अब तक भारी बारिश नहीं हुई है। असम में ब्रह्मपुत्र और उसकी कई सहायक नदियों में जल स्तर खतरे के निशान से नीचे है जिससे स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि राज्य के सात जिले अब भी जलमग्न हैं। लोगों ने घर लौटना शुरू कर दिया है। हालांकि लखीमपुर, मोरीगांव, चिरांग और नगांव जिलों में 25,253 लोग 62 राहत शिविरों में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *