इन्दौर,इन्दौर में भारत व आस्ट्रेलिया के बीच होने वाले एक दिवसीय क्रिकेट मैच की तारीख में फिर संशोधन हुआ है। पॉंच मैचों के सीरिज का पॉंचवा एक दिवसीय मैच इन्दौर में होने जा रहा था, लेकिन अब तीसरा मैच इन्दौर में होगा, जो रविवार 24 सितम्बर को खेला जायेगा।
एमपीसीए सचिव मिलिंद कनमड़ीकर ने बताया कि इन्दौर में पहले सीरिज का पॉंचवा मैच 28 सितम्बर को खेला जाना तय हुआ था, उसके बाद एमपीसीए के आग्रह पर बीसीसीआई द्वारा मैच की तारीख बढ़ाकर एक अक्टूबर की गई थी। लेकिन अब मैच की तारीख में दोबारा संशोधन हुआ है। यह मैच अब 24 सितम्बर को इन्दौर के होलकर स्टेडियम में खेला जायेगा, जो पॉंच मैचों की सीरिज का तीसरा मैच होगा।
वहीं भारत और श्रीलंका के बीच इन्दौर में होने वाले पहले टी ट्वेंटी मैच की तारीख अभी तय नहीं हुई है। लेकिन दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक होने की उम्मीद है। दोनों ही मैच को लेकर एमपीसीए ने तैयारी प्रारम्भ कर दी है। मैदान का मेंटेनेंस लगभग पूर्ण कर लिया गया है। जबकि स्टेडियम में होने वाले छोटे-छोटे काम जल्द ही प्रारम्भ कर दिए जाएंगे।
इन्दौर में अब 24 सितम्बर को मैच