लद्दाख में भारत-चीन की सेनाओं में मुठभेड़-सीमा पर तनाव, दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी

लेह,डोकलाम विवाद के बीच भारत के 71वें स्वतंत्रता दिवस पर चीन की सेना ने सीमा पार कर दी है। भारतीय जवानों ने चीनी सैनिकों की जम्मू और कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिशों को फिलहाल नाकाम कर दिया है। लद्दाख की झील पैंगगांग के तटवर्ती सड़क पर चीनी सैनिक दो बार घुसे। इस पर भारतीय सैनिकों के प्रतिरोध के दौरान दोनों ओर से हुई पत्थरबाजी में दोनों देश के सैनिक मामूली रूप से घायल हुए हैं। सैन्य अधिकारियों के अनुसार चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के सैनिक मंगलवार की सुबह दो रास्तों से भारतीय सीमा में घुसे। लद्दाख के क्षेत्र फिंगर-4 और फिंगर-5 के इलाकों में चीनी सैनिक घुसपैठ का सुबह छह बजे और फिर नौ बजे हुई। दोनों ही बार पहले से सतर्क भारतीय सुरक्षा बलों ने उन्हें पीछे खदेड़ दिया। चीनी सेना ने देखा कि भारतीय सैनिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर उनका आगे बढ़ने का रास्ता रोक दिया है। इस पर उन्होंने भारतीय सैनिकों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिये। इसके बाद भारतीय जवानों ने भी पत्थरबाजी करके मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों देशों के जवानों के घायल हो गए।
चीन ने फिंगर-4 पर जो सड़क बनाई है वह सिरी जाप क्षेत्र में खत्म होती है जो भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पांच किलोमीटर अंदर आकर खत्म होती है। चीन की इस घुसपैठ पर नई दिल्ली में सेना के प्रवक्ता ने जानकारी देने से इन्कार कर दिया है। पैंगगांग झील का 45 किलोमीटर तक फैला हिस्सा भारत में आता है जबकि 90 किलोमीटर का हिस्सा चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत में आता है। भारतीय और चीनी सेना की डोकलाम में तनाव के बावजूद यहां से 25 किलोमीटर दूर नाथूला में भारत के स्वतंत्रता दिवस पर दोनों देश के सैन्य अफसरों ने अनौपचारिक रूप से एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *