मुंबई,’बिग बॉस 11′ के घर में मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी रहने आ सकती हैं। प्रियंका चोपड़ा इन दिनों बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड में भी छाई हुईं हैं। कामयाबी प्रियंका के कदम चूम रही है ऐसे में भला प्रियंका ‘बिग बॉस’ के घर क्यों जाने लगीं। लेकिन जो तस्वीरें आप देखने वाले हैं उन्हें देखकर आपको भी ऐसा ही लगेगा कि ये प्रियंका चोपड़ा की ही तस्वीरें हैं। लेकिन ये प्रियंका चोपड़ा नहीं बल्कि हू-ब-हू उनकी तरह दिखाई देने वाली नवप्रीत बंगा हैं । नवप्रीत एक फिटनेस ब्लॉगर हैं और कनाडा में रहती हैं लेकिन उनका रंग रूप बिल्कुल प्रियंका चोपड़ा से मिलता है इसलिए उन्हें प्रियंका की लुक-अ-लाइक भी कहा जाता है। खबर है कि बिग बॉस 11 के लिए जो लिस्ट तैयार की जा रही है उसमें नवप्रीत का नाम भी है। प्रियंका जैसे लुक की वजह से नवप्रीत पूरी दुनिया में मशहूर है और शायद इसीलिए बिग बॉस के मेकर्स उनके नाम पर गौर कर रहे हैं। नवप्रीत को शो में लाने के लिए उन्हें अप्रोच किया गया है। नवप्रीत ना सिर्फ फिटनेस ब्लॉगर हैं बल्कि वो एक वेट लिफ्टर भी हैं। बिग बॉस 11 में इस बार भी हस्तियों के साथ साथ आम लोगों को भी शामिल किया जाएगा। लेकिन इस बार ट्विस्ट ये है कि आम लोगों में से परिवार के दो या दो से ज्यादा सदस्यों को बिग बॉस के घर में जगह मिलेगी। वैसे नवप्रीत ने बिग बॉस में आने के लिए हां की है या नहीं ये साफ नहीं।