अब दिल्ली में 3 महिलाओं की काटी चोटी, मचा बवाल

नई दिल्ली,हरियाणा के बाद पश्चिमी दिल्ली के छावला थाना क्षेत्र स्थित कांगनहेड़ी गांव में भी ३ महिलाओं की चोटी कटने के मामले सामने आए। शिकायतकर्ता महिलाओं को कहना है कि घटना से पहले उनके सिर में तेज दर्द हुआ था और वे बेसुध हो गई थीं। पुलिस ने कहा कि लोगों को डरने की जरूरत नहीं है। यह कार्य शरारती तत्वों का है। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध लड़के कैद हुए हैं। उनकी पहचान के लिए तस्वीरें डेवलप की जा रही हैं। जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। चोटी को जांच के लिए रोहिणी स्थित फॉरेंसिक लैब में भेज दिया है। मुनेश ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि रविवार सुबह १०.३० बजे घर में उसकी चोटी कटी हुई मिली। वह खेत में ज्वार काटने गई थी। उसके सिर में तेज दर्द हुआ और वह वापस घर आ गई। दर्द की वजह से बेसुध हो गई। नींद खुली तो फर्श पर अपनी चोटी पड़ी देखी। रात करीब ७.३० बजे मुनेश के घर से करीब २०० मीटर दूर रहने वाली श्रीदेवी की भी चोटी कट गई। घटना से पूर्व वह प्लॉट पर काम कर रही थी। इसी दौरान उसके सिर में दर्द हुआ। वह घर में आकर बिस्तर पर लेट गई। जब नींद खुली तो उसने अपनी चोटी फर्श पर देखी। जिस कमरे में वह थी, उसके दरवाजे बंद थे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि रात करीब ग्यारह बजे गांव की रहने वाली ओमवती की भी चोटी कट गई। ओमवती के बेटे ओमप्रकाश ने बताया कि उसकी मां खेत से साढ़े सात बजे वापस आई। खाना खाने के बाद उसके सिर में दर्द हुआ। सभी लोग एक ही कमरे में सो गए। कुछ देर बाद उसकी मां ने देखा कि उसकी चोटी फर्श पर पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *