नीतीश कैबिनेट में 26 मंत्री शामिल,राज्यपाल ने दिलाई शपथ

पटना, बिहार में एनडीए की नई सरकार में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 26 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन में राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने उन्हें शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के मंडपम हॉल में शनिवार शाम 5:30 बजे हुआ।
मंत्रीमंडल में 26 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इनमें जदयू के 14 और एनडीए के 12 मंत्री शामिल हैं। घोषणा 27 मंत्रियों की हुई थी। लेकिन, भाजपा नेता और हिमाचल प्रदेश के प्रभारी मंगल पांडेय समय पर नहीं पहुंचने के कारण शपथ नहीं ले सके।
शपथ ग्रहण के लिए सबसे पहले भाजपा के कृष्ण कुमार ऋषि हॉल में पहुंचे, उनके साथ ही माहेश्वर हजारी भी पहुंचे।
राज्यपाल 5:10 बजे पहुंचे। राष्ट्रगान के बाद शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत हुई। मंत्रियों के नाम की घोषणा की गई। सबसे पहले सुपौल से पांचवी बार विधायक बने विजेंद्र प्रसाद यादव ने शपथ ली। इससे पहले वे ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं। 2005 से लगातार मंत्री हैं। इसके बाद पूर्व नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता प्रेम कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसके बाद मंत्रियों के शपथ लेने का सिलसिला चलता रहा। शपथ ग्रहण के दौरान मंडपम हाल तालियों से गूंज उठा।
उल्लेखनीय है कि नीतीश ने 26 जुलाई की शाम को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर महागठबंधन तोड़ दिया था। इसके अगले ही दिन नीतीश ने भाजपा के समर्थन से छठी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अगले ही दिन नीतीश ने विधानसभा में विश्वास मत में 131 वोट हासिल किए थे, जबकि विरोध में 108 वोट पड़े थे।

मंत्री और उनके विभाग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार- गृह, सामान्य प्रशासन, निगरानी
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी- वित्त, वाणिज्य कर, वन, आईटी
विजेंद्र यादव- ऊर्जा, उत्पाद, मद्य निषेध
प्रेम कुमार- कृषि विभाग
ललन सिंह- जल संसाधन, योजना विकास
नंद किशोर यादव- पथ निर्माण विभाग
श्रवण कुमार- ग्रामीण विकास, संसदीय कार्य
रामनारायण मंडल- राजस्व, भूमि सुधार
जय कुमार सिंह- उद्योग, विज्ञान प्रौद्योगिकी
प्रमोद कुमार- पर्यटन
कृष्णनंदन वर्मा- शिक्षा
महेश्वर हजारी- भवन निर्माण
विनोद नारायण झा- पीएचईडी महकमा
शैलेश कुमार- ग्रामीण कार्य विभाग
सुरेश शर्मा- नगर विकास एवं आवास
मंजू वर्मा- समाज कल्याण विभाग
विजय सिन्हा- श्रम संसाधन विभाग
संतोष निराला- परिवहन विभाग
राणा रणधीर- सहकारिता विभाग
खुर्शीद उर्फ फिरोज- अल्पसंख्यक कल्याण, गन्ना उद्योग
विनोद सिंह- खान एवं भूतत्व
मदन सहनी- खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण
कृष्ण कुमार ऋषि- कला संस्कृति विभाग
कपिल देव कामत- पंचायती राज विभाग
दिनेश यादव- लघु सिंचाई, आपदा प्रबंधन
रमेश ऋषिदेव- अनुसूचित जनजाति, कल्याण विभाग
पशुपति पारस- पशु एवं मत्स्य संसाधन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *