चंबल ब्रिज पर ट्रक पलटा, 16 घंटे जाम

ग्वालियर,चंबल नदी के पुल के पास एक रेत से भरा ट्रक पलटने से नेशनल हाईवे-92 पर जाम लग गया। 16 घंटे तक जाम के दौरान दोनों ओर 5-5 किमी तक वाहनों की कतार लग गई। यातायात पुलिस की मदद से जाम को सामान्य किया गया।
जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे क्रमांक-92 भिंड से होकर यूपी तक जाता है। रास्ते में चंबल नदी एमपी और यूपी की सीमा पर है। शुक्रवार की रात को एक रेत से भरा हुआ ट्रक चंबल ब्रिज के पास बने बाईपास पर पलट गया। इसके बाद वहां वाहनों का जाम लगने लगा। देखते ही देखते हाईवे पर दोनों ओर से ट्रकों सहित अन्य वाहनों की कतारें लग गई और हाईवे जाम हो गया। रात से लगा जाम शनिवार की दोपहर तक जारी रहा। जाम से परेशान होकर कई यात्री तो पैदल ही निकल गए।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में आए दिन जाम लगते रहता है। चंबल पुल इलाके में जाम लगने का मुद्दा शुक्रवार को इटावा में हुई सीमा बैठक में भिंड कलेक्टर इलैया राजा टी और इटावा कलेक्टर शेल्वा कुमारी ने उठाया था।

दो एंबुलेंस भी फंसी
मरीजों को ले जाने वाली एक-दो एंबुलेंस भी इसी जाम में फंस गई। इस जाम में ब्रिज पर पांच बड़े टैंकर भी खड़े रहे। हालांकि 16 घंटे के इस जाम से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
कई गाडिय़ां छोड़कर चले गए
जाम में फंसे होने के कारण कई ड्राइवर अपने वाहन छोड़कर आसपास चले गए। इससे पुलिस प्रशासन को जाम खोलने में मशक्कत करना पड़ी।
पांच टेंकरों के अलावा 40 बड़े वाहन भी ब्रिज पर फंसे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *